Written by : Sanjay kumar
सीकर, 6 अगस्त। राजस्थान के नगरीय विकास एवं आवासन (यूडीएच) राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आगामी नगर निकाय चुनाव पूर्व की परंपरागत प्रक्रिया के अनुसार कराए जाएंगे। नगर निगमों में मेयर तथा नगर परिषद और नगर पालिकाओं में सभापति एवं पालिकाध्यक्ष का चुनाव संबंधित पार्षदों द्वारा ही किया जाएगा।
निकाय चुनाव की तैयारियों पर हुई बैठक
सीकर में भाजपा की जिलास्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पूर्व में प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू की गई थी, लेकिन उसके परिणामस्वरूप कई स्थानों पर चेयरमैन और पार्षद अलग-अलग विचारधारा के चुने गए। इससे पूरे कार्यकाल के दौरान आपसी खींचतान बनी रही और विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पहले की तरह पार्षदों द्वारा ही मेयर, सभापति और पालिकाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
राज्यमंत्री खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले 31 महीनों में सड़क, बिजली, पेयजल, कानून व्यवस्था और पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के हित में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।
निकाय और पंचायत चुनाव में देरी पर दी सफाई
नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव में हुई देरी के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मंत्री खर्रा ने कहा कि वर्ष 2021-22 में सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी राजनीतिक आरक्षण के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की। वर्ष 2024 में भाजपा सरकार बनने के बाद राजनीतिक आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ओबीसी आयोग का गठन किया गया, जिसने प्रशासन के सहयोग से आवश्यक आंकड़े जुटाने का कार्य किया।
भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता वर्षभर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता है। चुनाव के समय संगठन चुनाव संचालन समिति सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपता है। बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी और संभाग प्रभारी शंकर सिंह राजपुरोहित ने भी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर फीडबैक लिया।
