Written by : प्रमुख संवाद
– दशहरा मैदान में भव्य भूमि पूजन के साथ तैयारियों को मिली गति, 300 से अधिक स्टॉल और 15 विशाल डोम बनेंगे मुख्य आकर्षण
– देशभर से 12 से 15 हजार प्रतिनिधियों के जुटने की संभावना, 4000 से अधिक होटल कमरे बुक
कोटा, 10 अगस्त 2026:
राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, कोटा टेंट डीलर्स समिति और हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में देश के सबसे बड़े आयोजनों में से एक—16वां प्रांतीय महाअधिवेशन “टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026” आगामी 6 से 8 सितंबर 2026 तक कोटा के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर के महाअधिवेशन का विधिवत भूमि पूजन समारोह सोमवार को आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसके साथ ही महाअधिवेशन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।

प्रमुख अतिथि एवं गरिमामयी उपस्थिति
भूमि पूजन समारोह में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी थे।
इस अवसर पर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह, राजस्थान किराया टेंट व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा, संरक्षक पर्वत सिंह भाटी, प्रदेश महामंत्री रजनीश शर्मा, जयपुर संभाग अध्यक्ष अतुल शर्मा सहित राजस्थान के करीब 40 जिलों के टेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में इवेंट एवं टेंट व्यवसायी मौजूद रहे।

6 सितंबर को भव्य उद्घाटन, लोकसभा अध्यक्ष करेंगे शिरकत
हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने जानकारी दी कि महाअधिवेशन का भव्य उद्घाटन समारोह 6 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि देश के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।
लगभग 24 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कोटा को इस महाअधिवेशन की मेजबानी का अवसर मिला है। आयोजन स्थल पर 15 विशाल डोम लगाने का कार्य शुरू हो चुका है और अब तक 300 से अधिक स्टॉल बुक व आवंटित की जा चुकी हैं। देशभर से आने वाले 12 से 15 हजार मेहमानों के आवास के लिए कोटा व्यापार महासंघ के सहयोग से शहर भर में 4000 कमरों की बुकिंग की गई है। अतिथियों के भोजन, परिवहन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
व्यापार, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान
मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने कहा कि कोटा में इतने वृहद स्तर पर प्रांतीय महाअधिवेशन का होना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। इससे कोटा की आर्थिकी के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, बाजार और पर्यटन उद्योगों को अभूतपूर्व गति मिलेगी। साथ ही, कोटा को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी यह मील का पत्थर साबित होगा।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि यह सिर्फ टेंट का सम्मेलन नहीं, बल्कि इवेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हर विधा—जैसे डेकोरेशन, लाइट, कैटरिंग, होटल, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर और एसएफएक्स—का महाकुंभ है।
राजस्थान टेंट डीलर्स समिति के प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा ने बताया कि इसमें देश के 15 से अधिक राज्यों के निर्माता, सप्लायर्स और उद्योग प्रतिनिधि भाग लेंगे। मेहमानों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा ताकि यहाँ की पर्यटन संभावनाओं का राष्ट्रीय प्रसार हो सके।
कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल ने कहा कि यह आयोजन व्यापार विस्तार, नई तकनीक, नवाचार और नेटवर्किंग का बेजोड़ मंच होगा। समापन और उद्घाटन समारोहों में हाड़ौती व राजस्थान की लोक संस्कृति की अद्भुत सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
विशेष आकर्षण: ‘अनंत ऊर्जा सोलर एंड ईवी एक्सपो-2026’ का भी होगा आयोजन
टेंट एक्सपो के साथ-साथ आयोजन स्थल पर ‘अनंत ऊर्जा सोलर एंड ईवी एक्सपो-2026’ का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।
TPN Solutions के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल ने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में सोलर और ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों के 100 से अधिक स्टॉल लगेंगे। इसमें सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ग्रीन टेक्नोलॉजी से जुड़े अत्याधुनिक उत्पादों व सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में नए व्यावसायिक निवेश के द्वार खुलेंगे।
