Written by: प्रमुख संवाद
कोटा, 11 अगस्त।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के मार्गदर्शन में सांगोद में दो दिवसीय विशेष ‘सांसद जन सेवा अभियान’ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने बताया कि शिविर 12 एवं 13 अगस्त को प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक नगर पालिका डोम, सांगोद में आयोजित होगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के हर परिवार के सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, त्रुटि-सुधार एवं नवीन पंजीकरण कर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है, ताकि आमजन को सरकारी सुविधाओं का सहजता से लाभ मिल सके।
सोनी ने शिविर में सम्पादित किए जाने वाले प्रमुख कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यहाँ नया आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने, जन आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने, तथा परिवारों के दस्तावेजों का शुद्धिकरण एवं त्रुटि सुधार का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा पात्रता का सत्यापन एवं लाभ दिलवाना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना, पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना, सरकारी सुविधाओं की प्रामाणिक जानकारी देना तथा जनहित व सार्वजनिक लाभ सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य एक ही छत के नीचे सम्पादित किए जाएंगे।
