Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 11 अगस्त :
जिला कोटा ग्रामीण पुलिस की स्पेशल टीम और थाना मोडक पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीछा कर 303.420 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा सहित दो लग्जरी कारों (विटारा ब्रेजा और क्रेटा) को जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त माल और वाहनों की कुल कीमत लगभग 66 लाख रुपये आंकी गई है।

सुजीत शंकर, पुलिस अधीक्षक, जिला कोटा ग्रामीण ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण
दिनांक 10.08.2026 को मुखबिर की सूचना एवं निर्देशानुसार जिला स्पेशल टीम तथा थाना मोडक पुलिस जाप्ते द्वारा दाढ का मौका दरा गांव के पास संयुक्त नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान झालावाड़ से कोटा की ओर आ रही सिल्वर रंग की विटारा ब्रेजा कार (DL 8 CAV 0829) के चालक ने पुलिस नाकाबंदी को देखकर गाड़ी भगाने का प्रयास किया। नाकाबंदी जाप्ते ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वहीं, पीछे आ रही क्रेटा कार (DL 8 CAN 5102) का चालक और उसका साथी गाड़ी को सड़क किनारे लगाकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे।
पुलिस जाप्ते ने उनका पीछा किया, परंतु रात्रि में अंधेरा और जंगल का एरिया होने के कारण वे भागने में सफल हो गए। मौके पर पकड़े गए वाहन चालक रणजीत सिंह से पूछताछ करने पर कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। संदेह के आधार पर दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 303.420 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना मोडक पर प्रकरण संख्या 183/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार एवं फरार अभियुक्त
- गिरफ्तार अभियुक्त: रणजीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, जाति मजहबी सिख, उम्र 34 साल, निवासी शेरपुर सदा, थाना कबीरपुर, जिला कपूरथला (पंजाब)।
- फरार सह-अभियुक्त:
- जगतार सिंह पुत्र मिंदर सिंह, उम्र 48 साल, निवासी गुरनाखुर्द, थाना लहरा गगा, जिला संगरूर (पंजाब)।
- निर्मल सिंह, निवासी कैथल (हरियाणा)।
जब्त माल एवं वाहन
- अवैध डोडा चूरा: 303.420 किलोग्राम
- वाहन: विटारा ब्रेजा कार (DL 8 CAV 0829) एवं क्रेटा कार (DL 8 CAN 5102)
विशेष सहयोग एवं पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में रामकल्याण मीणा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोटा ग्रामीण) के सुपरविजन, घनश्याम मीणा (वृत्ताधिकारी, वृत्त रामगंजमंडी) के निर्देशन तथा राजेंद्र प्रसाद मीणा (उ.नि./थानाधिकारी थाना मोडक) के नेतृत्व में गठित जिला स्पेशल टीम, साइबर सेल और थाना मोडक के जाप्ते की सराहनीय भूमिका रही है।
