हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कोटा, 1008 कलशों से हुआ पंचमुखी महादेव का सहस्राभिषेक

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 26 अगस्त 2026। सावन माह में आयोजित शिव संकीर्तन कार्यक्रमों के समापन अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटा की अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम की ओर से बुधवार को भव्य सहस्र घट यात्रा एवं सहस्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम संयोजक योगेश विजयवर्गीय एवं अनुराग गौतम रहे। इस अवसर पर जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज भी उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों, युवाओं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हरिद्वार के गंगाजल से सजे 1008 कलश, शिवमय हुआ यात्रा मार्ग

सहस्र घट यात्रा बुधवार सुबह 9 बजे संकट मोचन हनुमान मंदिर, आरकेपुरम बी पावर हाउस के सामने से प्रारंभ हुई। यात्रा में भगवान शिव की पावन नगरी हरिद्वार से मंगवाए गए गंगाजल से भरे 1008 कलश श्रद्धालु माताओं-बहनों ने सिर पर धारण किए। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे वातावरण हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।

पंचमुखी महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सहस्राभिषेक

सहस्र घट यात्रा के पश्चात शांति हॉस्पिटल के पीछे श्रीनाथपुरम-सी स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से सहस्राभिषेक किया गया। 11 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना एवं अभिषेक की धार्मिक विधियां संपन्न कराईं। भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, घृत, शर्करा एवं पवित्र गंगाजल से अभिषेक कर कोटा सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की गई।

श्रद्धा और भक्ति से किया महादेव का पूजन : राखी गौतम

शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। महादेव अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा से प्रसन्न होते हैं और उन पर अपनी कृपा बरसाते हैं। हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का सहस्राभिषेक कर उन्होंने समस्त कोटा वासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि जब श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से हर-हर महादेव का जयघोष करते हैं तो पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक भाव से भर जाता है।

दो वर्षों से निरंतर हो रहा शिव संकीर्तन का आयोजन

कार्यक्रम संयोजक अनुराग गौतम ने बताया कि पिछले दो वर्षों से सावन माह में शहर अध्यक्ष राखी गौतम की ओर से निरंतर शिव संकीर्तन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और भक्ति भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सहस्राभिषेक का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव रहा और सभी ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार एवं समाज के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

कार्यक्रम संयोजक योगेश विजयवर्गीय ने बताया कि सहस्र घट यात्रा एवं सहस्राभिषेक में सैकड़ों धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागिता की। सहस्राभिषेक के बाद आयोजित महाप्रसादी में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का विशेष वातावरण देखने को मिला।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!