कोटा व्यापार महासंघ अध्यक्ष क्रांति जैन ने वार्ड 75 से भाजपा के प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा

कोटा, 31 अगस्त। नगर निगम कोटा चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन ने वार्ड संख्या 75 से भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान व्यापार महासंघ महासचिव अशोक महेश्वरी, भाजपा युवा नेता जैफ खां मंसूरी साथ रहे।इस अवसर पर समर्थकों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। क्रांति जैन लंबे समय से व्यापारियों एवं आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। भाजपा की ओर से उन्हें वार्ड 75 से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता
नामांकन दाखिल करने के बाद क्रांति जैन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड के विकास और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता
क्रांति जैन ने कहा कि वार्ड 75 और आसपास के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अनियोजित पार्किंग के कारण व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित कराने और इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे।

कोटा को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने का संकल्प
उन्होंने कहा कि कोटा की पहचान शिक्षा के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी मजबूत हो सकती है। शहर में मौजूद ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित और प्रचारित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि कोटा को एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित करने के लिए स्थानीय स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा आमजन के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

व्यापारियों और नागरिकों का सहयोग मांगा
क्रांति जैन ने कहा कि वार्ड का सर्वांगीण विकास सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता वार्ड में बेहतर मूलभूत सुविधाएं, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और विकास कार्य सुनिश्चित करना होगी। नामांकन के दौरान मौजूद समर्थकों एवं व्यापारियों ने उन्हें चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!