CBN राजस्थान यूनिट की बड़ी कार्रवाई: 156.650 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और होंडा अमेज कार जब्त

Written by : प्रमुख संवाद

चित्तौड़गढ़ / कोटा: 23 सितंबर।
‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के अंतर्गत, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने एक सफल कार्रवाई करते हुए 156.650 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और एक गुजरात पंजीकरण संख्या वाली होंडा अमेज कार जब्त की है।

कार्रवाई का विवरण:
CBN कोटा के अधिकारियों को विशिष्ट गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति गुजरात नंबर की होंडा अमेज कार से मगलवाड़ क्षेत्र से बालोतरा की ओर अवैध डोडा चूरा ले जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए CBN कोटा की एक टीम गठित कर 21 सितंबर 2026 की देर रात रवाना की गई।
संदिग्ध मार्ग पर सतर्कता से निगरानी के दौरान कार की पहचान होने पर CBN अधिकारियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति बढ़ा दी। लगभग 15 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद, अधिकारियों ने 22 सितंबर 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले की कपासन तहसील के टाना गांव में भिंडर-रामगढ़ रोड पर कार को रोक लिया। हालांकि, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन को मौके पर ही छोड़कर भागने में सफल रहा।
सुरक्षा कारणों से मौके पर जांच संभव न होने के कारण वाहन को CBN चित्तौड़गढ़ कार्यालय लाया गया। कार्यालय में गहन तलाशी के दौरान कार से अवैध डोडा चूरा के कुल 09 बैग बरामद हुए, जिनका कुल वजन 156.650 किलोग्राम पाया गया।
बरामद डोडा चूरा और वाहन को ‘नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985’ के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।

कार्रवाई पर ब्यूरो का संदेश:
यह सफलता CBN अधिकारियों की कड़ी मेहनत, सतर्कता एवं समर्पण का परिणाम है। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शून्य-सहनशीलता (Zero Tolerance) नीति के तहत CBN का उद्देश्य केवल जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को पूरी तरह से समाप्त करना है।

जनसाधारण से अपील:
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) आमजन से अपील करता है कि मादक पदार्थों की रोकथाम में सतर्क नागरिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नशा या तस्करी से संबंधित जानकारी दी जा सकती है (सूचना देने वाले का नाम व पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी)

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!