जयपुर में एनयूजेआई का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन नवंबर में, देशभर से जुटेंगे सैकड़ों पत्रकार

Written by : Sanjay kumar

पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान पर केंद्रित रहेगा आयोजन
नई दिल्ली:27 सितंबर 2006
राजस्थान के जयपुर शहर में 28 से 30 नवंबर, 2026 तक नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों पर चर्चा करने के लिए देशभर से सैकड़ों पत्रकार जुटेंगे। अधिवेशन को लेकर एनयूजेआई की प्रत्येक राज्य इकाई में खासा उत्साह है और सभी ने इसे भव्य एवं सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने पर सहमति जताई है।
शुक्रवार, 25 सितंबर, 2026 को 7 जंतर मंतर रोड स्थित एनयूजेआई मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल की अध्यक्षता में एनयूजेआई की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न राज्य इकाइयों के अध्यक्षों और महासचिवों ने भाग लिया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय अधिवेशन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जोर दिया कि इसमें भारत के विभिन्न प्रदेशों से आने वाले पत्रकारों को अपनी समस्याएं और विचार रखने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। कुछ सदस्यों ने अधिवेशन में भाग लेने वाले पत्रकारों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की।
इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा और इस संबंध में मेजबान राजस्थान इकाई के साथ चर्चा करके व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

एनयूजेआई के महासचिव राकेश शर्मा ने बताया कि जयपुर में जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) द्वारा अधिवेशन के भव्य आयोजन की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। राजस्थान के पत्रकार देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों की अगवानी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

बैठक के दौरान पूर्व अध्यक्ष रास बिहारी ने राज्य इकाइयों से संविधान के अनुसार समय पर चुनाव कराने और एनयूजेआई की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का आह्वान किया। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस बैठक में एक ‘वेलफेयर फंड’ बनाने पर भी सर्वसम्मति बनी। साथ ही, यूनियन के हित में नियमित रूप से स्मारिका निकालने और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए सभी राज्यों की भागीदारी पर सार्थक चर्चा हुई।

कोषाध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया ने फंड एवं स्मारिका के लिए उत्तराखंड से अधिकाधिक सहयोग दिलाने का भरोसा जताते हुए सभी राज्य इकाइयों से इसमें योगदान का अनुरोध किया।
बैठक में पूर्व महासचिव प्रसन्न महांति, प्रदीप तिवारी, उत्तरप्रदेश के पदाधिकारी प्रमोद गोस्वामी, सुरेंद्र दुबे और झारखंड के रजत गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। अनेक सदस्यों ने ‘वेलफेयर फंड’ की पहल का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक सदस्यों को इससे जोड़ने का सुझाव दिया।

इस बैठक में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा समेत देश के सभी राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!