शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 में लाभांश वितरण आज से प्रारंभ

Written by : प्रमुख संवाद


4 करोड़ 55 लाख 58 हजार 127 रुपए का शुद्ध लाभ, 2 करोड़ 41 लाख 79 हजार 295 रुपए होंगे वितरित

कोटा, 14 अक्टूबर।
शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर, कोटा-बारां ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 4 करोड़ 55 लाख 58 हजार 127 रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि विभिन्न कोषों में प्रावधान करने के उपरांत 2 करोड़ 41 लाख 79 हजार 295 रुपए का लाभांश सदस्यों के बीच वितरित किया जाएगा।
यह वितरण 15 से 17 अक्टूबर तक राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुमानपुरा (मल्टीपरपज) में प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक किया जाएगा।

सभा के मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि इस वर्ष अर्जित लाभ में से सुरक्षित कोष, जनहित कोष, लाभ समानीकरण कोष और शिक्षा कोष सहित विभिन्न प्रावधानों में 2 करोड़ 13 लाख 78 हजार 832 रुपए की व्यवस्था की गई है। शेष राशि के रूप में 2 करोड़ 41 लाख 79 हजार 295 रुपए का लाभांश पात्र सदस्यों को प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान संचालक मंडल ने कार्यभार ग्रहण करते ही संस्था सदस्यों के हित, पारदर्शिता और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए कार्य आरंभ किया। संस्था लगातार तीसरे वर्ष लाभांश वितरण कर रही है। पहले जहां लाभांश दर 0 से 2.5 प्रतिशत थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दिया गया है।

अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि वर्तमान मंडल का मुख्य उद्देश्य संस्था के हितों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त संचालन सुनिश्चित करना है।
संस्था की वसूली प्रक्रिया को मजबूत बनाने तथा मितव्ययता अपनाने की दिशा में भी विशेष कदम उठाए गए हैं।

संचालक मंडल में गायत्री मीणा, राजमल मीणा, अनुराधा शर्मा, कमल कुमार शर्मा, रवि गौतम, दिनेश कुमार मीणा, धर्मेंद्र मेघवाल, शिवराज गोचर, दिनेश नागर और पूनम गौतम सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

जायसवाल ने बताया कि संस्था खेलकूद, स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए भी कार्यरत है।
अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत संस्था द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, रक्तदान एवं स्वच्छता अभियान में भागीदारी की जा रही है।

संस्था द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा को शिक्षा सहकारी परिसर में स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संस्था ने सीबीईओ सुल्तानपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंबोरी, पलसावा और वन विभाग जगपुरा में पौधारोपण किया है।
रक्तदान को प्रोत्साहित करने हेतु शेरगढ़ में शिविर आयोजित किया गया है, जबकि नवंबर माह में अटरु और सुल्तानपुर में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।


संस्था का उद्देश्य सदस्यों का आर्थिक, सामाजिक एवं नैतिक उत्थान है — और शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 निरंतर इसी दिशा में नए आयाम स्थापित कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!