वसुंधरा राजे बोलीं—कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए मोरपाल को जिताओ, स्थानीय और गरीब का हक़ पहले


Written by : लेखराज शर्मा
बारां/अन्ता, 5 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को अन्ता देहात मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में अन्ता विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भाजपा को पांच वर्षों के लिए सेवा का अवसर दिया था, जिनमें अब भी तीन वर्ष शेष हैं। इन तीन वर्षों में भाजपा सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।

वसुंधरा राजे ने कहा कि अन्ता क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन ही इस विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी हैं, जबकि अन्य प्रत्याशी बाहरी हैं। इसलिए अब समय है कि “घर के बेटे” को जिताया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की भाजपा सरकार है, इसलिए “कड़ी से कड़ी को जोड़ते हुए” भाजपा प्रत्याशी मोरपाल को विजयी बनाना आवश्यक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरपाल सुमन एक निष्कलंक, सज्जन, निष्ठावान और सेवाभावी व्यक्ति हैं, जो सदैव जनता के हित में समर्पित रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बताएं और भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को भारी बहुमत से जिताएं।

राजे ने कहा, “यह अमीर और गरीब की लड़ाई है, धनवान और किसान के बीच का चुनाव है। ऐसे में इस धरती के मतदाताओं पर पहला अधिकार स्थानीय और गरीब का है। इसलिए विकास से जुड़ो, भाजपा से जुड़ो, और मोरपाल को चुनो।”

इस अवसर पर सांसद दुष्यंत सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!