राज्य बजट से कोटा को नई रफ्तार : विकास, रोजगार और जनकल्याण पर फोकस

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 13 फरवरी।
राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट को प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में निर्णायक कदम बताते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सीकर से पूर्व सांसद सुभाष महारिया ने कहा कि यह बजट हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने इसे दीर्घकालिक विकास की मजबूत आधारशिला करार दिया। वे कोटा संभाग मुख्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता एवं स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

महारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह बजट गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण, महिला उत्थान और किसान समृद्धि पर केंद्रित है। सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और औद्योगिक विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सक्रिय प्रयासों से कोटा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है तथा शहर में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हवाई अड्डे का निर्माण प्रगति पर है। कोटा संभाग को राजस्थान का सबसे तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र बताते हुए उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं, शहरी आधारभूत ढांचे और औद्योगिक विस्तार को विकास का आधार बताया।

महारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने सदैव कर्मचारी हितों को प्राथमिकता दी है तथा सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम लाभ देने की परंपरा कायम रखी है। बजट में भर्ती कैलेंडर, कौशल विकास, युवा उद्यम प्रोत्साहन, महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्तिकरण तथा किसानों के लिए सिंचाई व भंडारण सुविधाओं के विस्तार जैसे ठोस प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए भूमि आवंटन, डीपीआर और चरणबद्ध कार्ययोजना सुनिश्चित की जा रही है तथा अधिकांश पूर्व घोषणाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। यह बजट कोटा संभाग सहित पूरे राजस्थान के लिए विकास, रोजगार और जनसेवा के नए अवसर सृजित करेगा।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!