शादी की खुशियों के बीच मातम: भीलवाड़ा में ‘शराब’ समझकर ज्वलनशील रसायन पीने से चार की मौत

Written by : Sanjay kumar

भीलवाड़ा,13 फरवरी। जिले के गंगापुर क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी समारोह में काम करने गए चार लोगों ने कथित रूप से ज्वलनशील रसायन को शराब समझकर सेवन कर लिया, जिससे तीन महिलाओं सहित चार लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई।

घटना गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक तीन दिन पूर्व एक विवाह समारोह में बर्तन साफ-सफाई का कार्य करने गए थे। समारोह स्थल से वे बर्तन धोने में प्रयुक्त तरल पदार्थ अथवा ईंधन अपने साथ ले आए। गुरुवार देर रात घर पर उसी तरल को शराब समझकर पी लिया। सेवन के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

अस्पताल पहुंचते ही तीन की मौत, एक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

गंभीर हालत में चारों को गंगापुर के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। चौथे व्यक्ति को अत्यंत गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।

मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर (निवासी माधोपुर), सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर तथा बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

प्रशासन अलर्ट, उच्च अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 9 और 10 जनवरी को आयोजित विवाह समारोह में मृतक कार्यरत थे। वहां से खाना गर्म करने में उपयोग होने वाला फ्यूल अपने साथ ले आए, जिसे शराब समझकर पी लेने से यह दुखद घटना हुई। मामले की गहन जांच जारी है।

हर पहलू से होगी जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित रसायन या फ्यूल कहां से खरीदा गया था, उसका उपयोग किस प्रयोजन के लिए किया जा रहा था तथा क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन हुआ है। संबंधित दुकान और आपूर्ति श्रृंखला की भी जांच की जा रही है।

इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!