‘कोटा महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज़: 21 फरवरी से दो दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ की शुरुआत

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 12 फरवरी।
आगामी 21 एवं 22 फरवरी को आयोजित होने जा रहे ‘कोटा महोत्सव 2026’ के आधिकारिक लोगो का विमोचन गुरुवार को जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में किया। इस अवसर पर महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा आमंत्रण पत्र का भी औपचारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में महोत्सव से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन, व्यापार संगठनों, होटल उद्योग एवं कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विमोचन समारोह में एडीएम प्रशासन वीरेन्द्र सिंह यादव, एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला, प्रशिक्षु आईएएस आराधना चौहान, नगर निगम आयुक्त ओ.पी. मेहरा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा संभाग) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी तथा हाड़ौती टूरिज्म डवलपमेंट सोसायटी के आर.एस. तोमर सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

जिला कलक्टर समारिया ने सभी संगठनों एवं नागरिकों से कोटा महोत्सव के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 21 फरवरी को प्रातः 8 बजे गोदावरी धाम में श्री गणेश वंदना, महाशृंगार आरती एवं भजन संध्या के साथ होगा।

इसके पश्चात प्रातः 11 बजे शौर्य घाट, चम्बल रिवर फ्रंट पर लोकल टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोपहर 12 बजे मास्टर शेफ प्रतियोगिता, 1:30 बजे ‘सुरीला कोटा’ के अंतर्गत संगीत प्रस्तुतियां तथा सायं 4 बजे घूमर शो का आयोजन किया जाएगा। सायं 5:30 बजे पश्चिमी घाट पर भव्य चम्बल महाआरती और रात्रि 7 बजे शौर्य घाट पर सेलिब्रिटी नाइट आयोजित होगी। नंदी घाट पर प्रातः 10 बजे से फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें फोटो कॉन्टेस्ट के चयनित चित्र प्रदर्शित होंगे।

दोनों दिनों 21 एवं 22 फरवरी को राजपूताना घाट (पश्चिमी घाट) पर ‘दीदी रो हाट’ के अंतर्गत विभिन्न उत्पादों की स्टॉल्स लगाई जाएंगी। शौर्य घाट पर ‘स्वदेशी कोटा’ प्रदर्शनी में प्रातः 11 से सायं 7 बजे तक ऑर्गेनिक खेती एवं मिलेट्स उत्पादों का प्रदर्शन होगा। किशोर सागर तालाब पर प्रातः 11 से सायं 6 बजे तक फ्लावर शो तथा सायं 6 से 7 बजे तक पुलिस, आर्मी एवं आरएसी बैंड की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

22 फरवरी को प्रातः 7 बजे मथुराधीश मंदिर से हैरिटेज वॉक प्रारंभ होकर गढ़ पैलेस, पद्मनाभ मंदिर, किशोरपुरा गेट, कोटड़ा हाउस, कैथूनीपोल, सुभाष चौक होते हुए रामपुरा कोतवाली तक निकलेगी। प्रतिभागी पारंपरिक साफा पहनकर इसमें शामिल होंगे। गढ़ पैलेस के दरीखाने में कचौरी फेस्ट का आयोजन भी किया जाएगा।

शौर्य घाट पर ‘म्हारो राजस्थान’ के अंतर्गत लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। ‘निरोगी कोटा’ कार्यक्रम के तहत टॉक शो आयोजित किए जाएंगे तथा दोपहर 2:30 बजे ‘कोटा ऑन स्क्रीन’ फिल्म फेस्टिवल के अंतर्गत चयनित फिल्मों का प्रदर्शन होगा। सायं 4:30 बजे कोटा निवासी बॉलीवुड गायक क्षितिज तारे की संगीतमय प्रस्तुति तथा सायं 6 बजे कोटा डोरिया फैशन शो आयोजित किया जाएगा। रात्रि 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच, दशहरा मैदान पर मेगा सेलिब्रिटी नाइट के साथ महोत्सव का समापन होगा।

सेवन वंडर्स पार्क में पेट-शो का आकर्षण
22 फरवरी को प्रातः 11 बजे से सेवन वंडर्स पार्क में पेट-शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें पेट ऑनर्स अपने पालतू पशुओं के साथ भाग ले सकेंगे। सहभागिता हेतु क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा।

कोटा महोत्सव 2026 सांस्कृतिक, पर्यटन, लोककला, खानपान एवं स्थानीय प्रतिभाओं के समागम का भव्य मंच बनेगा, जो शहरवासियों एवं पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!