कोटा सुपर थर्मल में पदोन्नति प्रक्रिया पर प्रश्न—तीन यूनियनों का संयुक्त प्रतिवेदन, छबड़ा से आए कर्मचारियों की शीघ्र वापसी की मांग

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, दिनांक 18 फरवरी 2026

कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में आज कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर तीनों मान्यता प्राप्त यूनियनों—भारतीय मजदूर संघ, राजस्थान विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन (इंटक) तथा राजस्थान विद्युत उत्पादन कर्मचारी संघ—ने संयुक्त रूप से प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि छबड़ा थर्मल पावर प्लांट से स्थानांतरित होकर आए तकनीकी कर्मचारियों की वर्तमान तैनाती के कारण कोटा थर्मल के कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। यूनियनों ने उल्लेख किया कि संबंधित कर्मचारियों ने पूर्व में पदोन्नति का लाभ प्राप्त करते हुए अपने मूल कार्यस्थल (छबड़ा) पर वापस भेजे जाने हेतु विधिवत विकल्प पत्र प्रस्तुत किए हैं।

यूनियनों ने प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की कि जब संबंधित कर्मचारी लिखित रूप से अपने मूल स्थान पर वापसी की सहमति दे चुके हैं, तब भी अब तक उन्हें वापस क्यों नहीं भेजा गया। विकल्प पत्र प्रस्तुत होने के बावजूद प्रक्रिया में हो रहे विलंब पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई।

संयुक्त रूप से यह मांग रखी गई कि छबड़ा से आए सभी तकनीकी कर्मचारियों को शीघ्र प्रभाव से उनके मूल स्थान पर भेजा जाए, ताकि पदोन्नति संबंधी सभी विसंगतियां समाप्त हों और कोटा थर्मल के कर्मचारियों के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके।

तीनों यूनियनों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे संयुक्त रूप से आंदोलन एवं प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस विषय पर मुख्य अभियंता शिखा अग्रवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस प्रकरण को जयपुर स्तर पर निगम प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा तथा कोटा में ही उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यथाशीघ्र समाधान निकाला जा सके। वार्ता सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।

बैठक में प्रशासन की ओर से मुख्य अभियंता शिखा अग्रवाल एवं संयुक्त निदेशक हरिओम अवस्थी उपस्थित रहे। वहीं यूनियनों की ओर से भारतीय मजदूर संघ से वीरेंद्र कश्यप, रवि गौतम एवं भुवनेश मीना; राजस्थान विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन (इंटक) से पूरणमल शर्मा, रफीक मोहम्मद एवं राजीव उपाध्याय; तथा राजस्थान विद्युत उत्पादन कर्मचारी संघ से राम सिंह शेखावत, अविनाश सिंघल एवं दिनेश गौतम उपस्थित रहे।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!