ओम बिरला ने ढाका में भारत का प्रतिनिधित्व किया, तारिक रहमान के शपथ समारोह में सहभागिता

Written by : Sanjay kumar

दिल्ली: 17 फरवरी 2026 |

ढाका में आयोजित बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ-ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में गठित नई सरकार को भारत की जनता की ओर से बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

इस अवसर पर ओम बिरला ने ढाका में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार भेंट की और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत पत्र सौंपा। पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को सुविधानुसार शीघ्र भारत यात्रा के लिए आमंत्रित किया है, जिससे दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद और सहयोग को और सुदृढ़ किया जा सके।

भेंट के दौरान ओम बिरला ने दोहराया कि भारत, बांग्लादेश के लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र-निर्माण के प्रयासों में पूर्ण सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों की मजबूत नींव पर आधारित साझेदारी को और अधिक गहराई प्रदान करने के लिए भारत निरंतर प्रयासरत रहेगा।

शपथ-ग्रहण समारोह के अवसर पर ओम बिरला ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू तथा भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय नेताओं से भी भेंट की। इन बैठकों में क्षेत्रीय सहयोग, पारस्परिक विकास और दक्षिण एशिया में स्थिरता को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

भारत ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि वह अपने पड़ोसी देशों के साथ विश्वास, सहयोग और साझा प्रगति के आधार पर संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, और बांग्लादेश के साथ रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!