Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 8 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के निर्देशानुसार महिला कांग्रेस कोटा शहर की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर “महिला न्याय मार्च” का आयोजन किया गया। यह मार्च महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में संतोषी नगर चौराहे पर आयोजित हुआ, जिसमें महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों ने कैंडल मार्च निकालकर महिला पीड़िताओं के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने “March for Justice” और “न्याय मार्च” लिखे बैनर एवं तख्तियां हाथों में लेकर महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता, शिक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिन महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समाज और शासन को संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध अत्यंत चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि बाल यौन शोषण और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के लिए कठोरतम दंड का प्रावधान होना चाहिए, ताकि समाज में ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और समान अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष और जागरूकता की आवश्यकता है तथा महिला कांग्रेस इस दिशा में पूरी मजबूती के साथ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में सुमन मठसिंहला, लक्ष्मी वर्मा, संगीता संतवानी, स्वाति अग्रवाल, राजेश सेन, प्रीति गौतम, शशि प्रभा उदावत, सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
