महिला कांग्रेस का अनोखा विरोध: चूल्हे पर कंडे-लकड़ी जलाकर बनाया खाना, गैस सिलेंडर कीमतों पर जताया आक्रोश

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 07 मार्च 2026
रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस ने शनिवार को कोटा में अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा एवं प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में केशवपुरा चौराहे पर महिलाओं ने चूल्हे पर कंडे और लकड़ियां जलाकर खाना बनाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। महिलाओं ने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हे पर भोजन बनाकर यह संदेश दिया कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ तो आम परिवारों को फिर से पारंपरिक ईंधन का सहारा लेना पड़ सकता है।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान आम जनता पर गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और लोगों के लिए घर का खर्च चलाना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।

महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि महंगाई की मार झेल रही जनता पर गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि करना “गरीबी में आटा गीला” करने जैसा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ता है, क्योंकि घर का पूरा बजट रसोई से जुड़ा होता है। गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है और कई परिवारों को मजबूरी में कंडों और लकड़ियों के चूल्हे पर खाना बनाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस जनविरोधी निर्णय को वापस नहीं लिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में निशा मीणा, अंजना गौतम, संगीता संतवानी, स्वाति अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, राजेश सेन, कमलेश, हिना खोसर, सुनीता गौतम, अंकुर गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!