Written by : Sanjay kumar
कोटा /जयपुर, 7 मार्च 2026।
राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम के रूप में कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा और आने वाले समय में क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार के अवसरों को मजबूती देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लगभग 1500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि नवंबर 2023 में कोटा की जनता से किए गए वादे को आज पूरा किया जा रहा है। अब तक क्षेत्र के लोगों को हवाई यात्रा के लिए जयपुर या अन्य शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन नए एयरपोर्ट के बनने से यह असुविधा समाप्त होगी और क्षेत्र को सीधी हवाई कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। पिछले वर्षों में देश में एयरपोर्ट नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 से पहले देश में लगभग 70 एयरपोर्ट थे, जबकि अब उनकी संख्या 160 से अधिक हो चुकी है। नए एयरपोर्ट बनने से हवाई यात्रा आम लोगों के लिए सुलभ हुई है तथा पर्यटन और उद्योगों को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि कोटा केवल शिक्षा का ही नहीं बल्कि ऊर्जा उत्पादन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां न्यूक्लियर, कोयला, गैस और जल आधारित ऊर्जा उत्पादन होता है। इसके अलावा कोटा स्टोन, सैंड स्टोन, कोटा डोरिया, कोटा कचौरी और बूंदी के बासमती चावल जैसी पहचानें भी इस क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाती हैं। नया एयरपोर्ट इन सभी उत्पादों और उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट हाड़ौती क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग थी। शिलान्यास के साथ ही क्षेत्र के लोगों का एक बड़ा सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि कोटा पहले से ही बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी वाला शहर है और अब हवाई कनेक्टिविटी जुड़ने से विकास के नए द्वार खुलेंगे। एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगभग 600 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटा देश-दुनिया में शिक्षा नगरी के रूप में प्रसिद्ध है और आने वाले समय में यह आईटी तथा औद्योगिक विकास का भी बड़ा केंद्र बन सकता है। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट लगभग 1100 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा, जिसमें 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल का आधुनिक टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। टर्मिनल भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है और देश में तेजी से नए एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए रोडमैप के साथ काम कर रही है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोटा में सड़क और रेल कनेक्टिविटी पहले से बेहतर है और अब एयर कनेक्टिविटी मिलने से यह क्षेत्र शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जल संसाधन, ऊर्जा, रोजगार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी तेजी से कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ ही क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि पूजन भी किया गया। समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

