उदयपुर में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला सम्पन्न, कोटा शहर व देहात के मंडल प्रशिक्षकों ने लिया भाग

Written by : प्रमुख संवाद

उदयपुर/कोटा, 7 मार्च। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान में प्रारम्भ किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत चित्तौड़ प्रान्त की कार्यशाला शनिवार को उदयपुर स्थित भाजपा कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई। कार्यशाला में चित्तौड़ प्रान्त के 15 जिलों से लगभग 168 मंडल प्रशिक्षकों ने भाग लेकर आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यशाला में दिल्ली के घोंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक अजय महावर, भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अल्का मूंदड़ा, नाहर सिंह जोधा और छगन माहुर ने प्रशिक्षण महाअभियान के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और संगठनात्मक महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का संचालन उदयपुर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने किया।

कोटा शहर के पूर्व जिला महामंत्री मुकेश विजय ने बताया कि महाअभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर तीन दिवसीय, जिला स्तर पर दो दिवसीय तथा मंडल स्तर पर 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा, जबकि बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न होंगे।

अजय महावर ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता को तराशने की प्रक्रिया है और यही संगठन को मजबूत बनाता है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के दर्शन को भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व—तीनों स्तरों पर सशक्त करेगा।

प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अल्का मूंदड़ा ने इसे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने वाला अभियान बताया।

प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्व बोध विकसित होता है, जबकि नाहर सिंह जोधा ने इसे संगठन की कार्यशैली और राष्ट्र प्रथम की भावना को सुदृढ़ करने वाला अभियान बताया।

कार्यशाला में सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर और पूर्व मंत्री सुशील कटारा ने भी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में कोटा शहर से मुकेश विजय, चन्द्रशेखर नरवाल और लक्ष्मण सिंह खींची तथा कोटा देहात से ललित शर्मा, नरेन्द्र मोहन गौतम, नरेन्द्र राजा, सीताराम मीणा और रणदीप जोशी सहित विभिन्न जिलों के मंडल प्रशिक्षक, प्रदेश पदाधिकारी, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी प्रकोष्ठ से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!