देशभर की टीमों के खिलाड़ी पहुंचे, वजन, हाइट व चिकित्सीय परीक्षण सम्पन्न
कोटा, 13 मार्च 2026 (शुक्रवार)।
कोटा थर्मल परिसर स्थित सामुदायिक भवन में 47वीं अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों से आई सभी टीमों के खिलाड़ियों का वजन, ऊँचाई तथा चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर चयन किया गया है।
प्रतियोगिता आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं कोटा थर्मल की मुख्य अभियंता शिखा अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि देश के विभिन्न विद्युत संस्थानों से कुल 8 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। इनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और गुजरात राज्यों के विद्युत क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में 100 से अधिक खिलाड़ी अपनी शक्ति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इन खिलाड़ियों में कई ऐसे भी हैं जो राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, वहीं कुछ खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
शिखा अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित 46वीं अखिल भारतीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन भी कोटा थर्मल द्वारा किया गया था, जिसकी सभी राज्यों ने सराहना की थी। इसी उत्कृष्ट आयोजन को देखते हुए इस वर्ष भी प्रतियोगिता की मेजबानी राजस्थान को सौंपी गई है और इसका आयोजन पुनः कोटा थर्मल में किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में यह अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता दूसरी बार आयोजित हो रही है।
उन्होंने बताया कि पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता को आठ भार वर्गों में आयोजित किया जाएगा, जिनमें 59 किलोग्राम, 66 किलोग्राम, 74 किलोग्राम, 83 किलोग्राम, 93 किलोग्राम, 105 किलोग्राम, 120 किलोग्राम तथा 120 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक खिलाड़ी केवल एक ही वर्ग में प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा।
इसी प्रकार बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता को चार वर्गों में आयोजित किया जाएगा। इनमें शॉर्ट क्लास 162 सेंटीमीटर तक, मीडियम क्लास 162 से 167 सेंटीमीटर तक, टॉल क्लास 167 से 172 सेंटीमीटर तक तथा सुपर टॉल क्लास 172 सेंटीमीटर से अधिक ऊँचाई वाले प्रतिभागियों के लिए निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग संगठन के योग्य रेफरी एवं निर्णायकों को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता का संचालन उनके मार्गदर्शन और निगरानी में किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए जयपुर से आयोजन सचिव पवन शर्मा, खेल एवं जनसंपर्क अधिकारी, उत्पादन निगम के अधिकारी तथा एन.बी. छेड़ी भी कोटा पहुंच चुके हैं। खेलों के सुचारु संचालन हेतु अतिरिक्त मुख्य अभियंता के नेतृत्व में कोटा थर्मल के कार्मिकों की 50 सदस्यीय खेल आयोजन व्यवस्था समिति का गठन किया गया है।
प्रतियोगिता का समापन 15 मार्च को सायं 5 बजे होगा, जिसमें कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
