Written by : Sanjay kumar
जयपुर, 14 मार्च 2026।
राजस्थान में डिजिटल शासन को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार जल्द ही नागरिकों को व्हाट्सऐप के माध्यम से ई-मित्र की कई प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद आम लोगों को कई सरकारी कार्यों के लिए ई-मित्र केंद्र या अलग-अलग वेबसाइटों और ई मित्र पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, बल्कि वे घर बैठे मोबाइल पर ही आवेदन, सत्यापन और भुगतान जैसी प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा एक आधिकारिक व्हाट्सऐप बिजनेस खाता तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रारंभिक चरण में 100 से अधिक ई-मित्र सेवाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने की योजना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगामी कुछ महीनों में इस सेवा को चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
डिजिटल शासन की दिशा में बड़ा कदम
राजस्थान में ई-मित्र प्लेटफॉर्म राज्य सरकार की प्रमुख डिजिटल सेवा प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है, जिसके माध्यम से वर्तमान में 600 से अधिक सरकारी और अर्धसरकारी सेवाएं उपलब्ध हैं। इस प्लेटफॉर्म से प्रतिवर्ष करोड़ों लेन-देन होते हैं और लाखों नागरिक बिजली-पानी के बिल भुगतान, प्रमाण पत्र आवेदन, सामाजिक योजनाओं के लाभ और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ लेते हैं।
अब इन्हीं सेवाओं को और अधिक सरल बनाने के उद्देश्य से व्हाट्सऐप आधारित सेवा प्रणाली विकसित की जा रही है, ताकि नागरिक अपने मोबाइल पर एक साधारण संदेश भेजकर सरकारी सेवाओं तक पहुंच बना सकें।
इस प्रकार काम करेगी नई व्यवस्था
नई प्रणाली के तहत नागरिकों को विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर अंग्रेजी में ‘Hi’ या ‘Hello’ लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट आधारित प्रणाली द्वारा विभिन्न सरकारी सेवाओं की सूची मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देगी।
नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार सेवा का चयन कर सकेंगे। इसके बाद जन आधार आधारित पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सत्यापन के बाद आवेदन की पूरी प्रक्रिया उसी चैट के माध्यम से पूरी हो जाएगी।
जिन सेवाओं में शुल्क निर्धारित है, उनके लिए सुरक्षित डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उदाहरण के तौर पर बिजली या पानी के बिल का भुगतान, प्रमाण पत्र शुल्क या अन्य सेवाओं के भुगतान सीधे व्हाट्सऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे।
बहुभाषी और वॉयस सुविधा भी मिलेगी
राज्य सरकार इस सेवा को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए इसमें बहुभाषी और वॉयस आधारित सुविधा भी जोड़ रही है। इसके माध्यम से नागरिक हिंदी, अंग्रेजी और राजस्थानी भाषा में बोलकर भी सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और आसान होगी।
ई-मित्र मोबाइल ऐप का उन्नत संस्करण
इसके साथ ही ई-मित्र मोबाइल एप्लिकेशन का नया संस्करण भी जारी किया गया है, जिसमें नागरिकों को दो-तीन क्लिक में कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें बिजली और पानी के बिल का भुगतान, मोबाइल रिचार्ज, विभिन्न प्रमाण पत्रों का डाउनलोड, जन आधार कार्ड डाउनलोड, बोनाफाइड प्रमाण पत्र प्राप्त करना तथा जमाबंदी दस्तावेज डाउनलोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
नागरिकों को मिलेगा बड़ा लाभ
सरकारी अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरल, तेज और पारदर्शी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। व्हाट्सऐप के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग पोर्टल या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और मोबाइल से ही अधिकांश सरकारी कार्य पूरे किए जा सकेंगे।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता के अनुसार राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अधिकतम सरकारी सेवाएं नागरिकों को घर बैठे डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से ई-मित्र की कई सेवाओं को व्हाट्सऐप प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है तथा भविष्य में इसमें नई सेवाएं और सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
