कोटा में 47वीं अखिल भारतीय विद्युत पॉवरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का आगाज़

Written by : Sanjay kumar

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया उद्घाटन, राजस्थान के खिलाड़ियों ने जीते दो कांस्य पदक

कोटा, 14 मार्च 2026।
कोटा थर्मल के सामुदायिक भवन में आयोजित 47वीं अखिल भारतीय विद्युत पॉवरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत नन्हीं बालिकाओं द्वारा तिलक लगाकर अतिथियों के स्वागत तथा गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उद्घाटन समारोह के दौरान ऊर्जा मंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है और हार ही भविष्य की जीत की प्रेरणा बनती है। खिलाड़ियों को कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों को कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों—ऑक्सीजन पार्क, सेवन वंडर्स पार्क और रिवर फ्रंट—का भी भ्रमण कराया जाए, ताकि वे शिक्षा नगरी कोटा की सुंदरता से परिचित हो सकें।

प्रतियोगिता में राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और गुजरात सहित विभिन्न राज्यों के विद्युत क्षेत्र के कर्मचारी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन पॉवरलिफ्टिंग के पांच भार वर्गों के मुकाबले आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेन्द्र शृंगी ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से विद्युत उत्पादन निगम के विभिन्न कार्यालयों और विद्युतगृहों में योग तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसी वर्ष से विद्युत गृहों के बीच इंटर पॉवर प्लांट टूर्नामेंट शुरू किए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुँचने का अवसर मिलेगा।

आयोजन समिति अध्यक्ष शिखा अग्रवाल और अतिरिक्त मुख्य अभियंता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के संचालन में खेल एवं जनसंपर्क अधिकारी पवन शर्मा, अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड के पर्यवेक्षक एन. बी. छेत्री तथा कोटा पॉवरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग संघ के सचिव अशोक ओदिच्य सहित तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

राजस्थान को दो कांस्य पदक
पहले दिन हुए मुकाबलों में राजस्थान के खिलाड़ियों ने दो कांस्य पदक अपने नाम किए। 59 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा के अजमेर सिंह ने स्वर्ण, मध्यप्रदेश के सुरेन्द्र कुमार ने रजत तथा राजस्थान के रामेश्वर तेली ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं 66 किलोग्राम वर्ग में मध्यप्रदेश के पृथ्वी राज चौधरी ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के दीपक ने रजत और राजस्थान के शाकिर हुसैन ने कांस्य पदक हासिल किया।

कार्यक्रम में कोटा थर्मल के अनेक अधिकारी, कर्मचारी तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!