Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 15 मार्च 2026।
कोटा थर्मल परिसर में आयोजित 47वीं अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित बॉडीबिल्डिंग के रोमांचक फाइनल मुकाबलों का अवलोकन किया और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा प्रतियोगिता के मुकाबले देर शाम तक रोमांचक माहौल में संपन्न हुए।

समापन समारोह में राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रृंगी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन तथा लगातार दूसरी बार राजस्थान में अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन पर आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने राजस्थान की पावरलिफ्टिंग टीम द्वारा ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए टीम चैम्पियनशिप हासिल करने को प्रदेश के विद्युत कर्मचारियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रतीक बताया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्युत जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदार सेवा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी अपने व्यस्त कार्य के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज ही किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार होता है। इसलिए सभी को शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम, जिम तथा खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।
समारोह में राविउनि के निदेशक (प्रोजेक्ट) के.एल. मीणा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों तथा प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में पावरलिफ्टिंग टीम चैम्पियनशिप में राजस्थान ने पहला स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। मध्यप्रदेश दूसरे तथा महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा। वहीं बॉडीबिल्डिंग टीम चैम्पियनशिप में महाराष्ट्र ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि हरियाणा दूसरे और पंजाब तीसरे स्थान पर रहा।
बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पंजाब के नरेंद्र सिंह को “विद्युतश्री” तथा मध्यप्रदेश के रणजीत सिंह को “पावरमैन” का खिताब प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं कोटा थर्मल की मुख्य अभियंता शिखा अग्रवाल ने अपने समापन संबोधन में कहा कि लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना कोटा थर्मल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन समिति के सभी सदस्यों, रेफरी टीम तथा सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके प्रयासों से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका।
कोटा थर्मल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता शैलेन्द्र सिंह ने राजस्थान बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन तथा कोटा जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव अशोक औदिच्य और जूरी की सहमति से प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों की घोषणा की।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पावरलिफ्टिंग के विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 93 किलोग्राम वर्ग में राजस्थान के अजीत सिंह ने स्वर्ण पदक, हरियाणा के नवीन कुमार ने रजत तथा मध्यप्रदेश के विशाल वर्मा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 105 किलोग्राम वर्ग में राजस्थान के हरीश कुमार मीणा ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया, जबकि मध्यप्रदेश के दिनेश मेवाड़ा को रजत और तेलंगाना के मोहम्मद आमिर खान को कांस्य पदक मिला।
120 किलोग्राम वर्ग में पंजाब के किशन सिंह ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के प्रसाद सुरेश ने रजत और राजस्थान के जोधपुर डिस्कॉम नंदारी के नरेश कुमार गोयल ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 120 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में पंजाब के गगन क्वात्रा ने स्वर्ण पदक, जयपुर डिस्कॉम धौलपुर के रूप सिंह ने रजत पदक और मध्यप्रदेश के अफजल खान ने कांस्य पदक जीता।
बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के विभिन्न हाइट वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 162 सेमी वर्ग में उत्तराखंड के नरेंद्र कश्यप ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के सुनील सावंत ने रजत और दीपक ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 167 सेमी वर्ग में हरियाणा के विजय सिंह ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के नामदेव शिंदे ने रजत और महाराष्ट्र के गोपाल ने कांस्य पदक हासिल किया।
172 सेमी वर्ग में पंजाब के नरेंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के राहुल कांबले ने रजत तथा उत्तराखंड के राहुल गोयल ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं सुपर टॉल क्लास में हरियाणा के नवीन कुमार ने स्वर्ण पदक, पंजाब के जसप्रीत सिंह ने रजत और मध्यप्रदेश के संदीप मौर्य ने कांस्य पदक जीता।
अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी सदस्य एवं प्रतियोगिता के आयोजन सचिव पवन शर्मा ने बताया कि राजस्थान की पावरलिफ्टिंग टीम ने लगातार अभ्यास और समर्पण के बल पर तीसरी बार भाग लेते हुए टीम चैम्पियनशिप हासिल कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। उन्होंने इस सफलता पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी राजस्थान के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
