“रंगीलो राजस्थान” थीम पर कोटा में भव्य मिस व मिसेज़ गणगौर प्रतियोगिता संपन्न, शायनी काबरा व शिवांशी बनी विजेता

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 23 मार्च। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और नारी आस्था के प्रतीक गणगौर पर्व के अवसर पर केट वीमेन विंग, जिला कोटा द्वारा “रंगीलो राजस्थान” थीम पर मिस व मिसेज़ गणगौर प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन श्रीनाथपुरम स्थित शिव ज्योति ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

इस अवसर पर शहर की सैकड़ों महिलाओं, युवतियों एवं बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, प्रतिभा प्रदर्शन और व्यक्तित्व कौशल के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया। ऑडिटोरियम रंग-बिरंगे परिधानों और लोकगीतों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कोटा यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, कार्यक्रम अध्यक्ष जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिव ज्योति ग्रुप के चेयरमैन महेश गुप्ता एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामप्रसाद विजयवर्गीय उपस्थित रहे।

केट वीमेन विंग की अध्यक्ष नीलम विजय ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि गणगौर पर्व नारी श्रद्धा, सौभाग्य और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है। सचिव भाविका प्रीत रामानी एवं कार्यकारी अध्यक्ष ऋचा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन मेघना शर्मा, शुभि गुप्ता एवं अंकिता खंडेलवाल द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। निर्णायक मंडल में पीताम्बरा राजे, कविता बाफना एवं वंशिका बजाज ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में पारंपरिक परिधान, लोकनृत्य, प्रतिभा प्रदर्शन, प्रश्नोत्तर एवं व्यक्तित्व प्रदर्शन शामिल रहे, जिनमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और सांस्कृतिक सौंदर्य का उत्कृष्ट परिचय दिया।

मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और महिलाओं को मंच प्रदान करना समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। विधायक कल्पना देवी ने गणगौर को नारी शक्ति और संस्कारों का उत्सव बताते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की। जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सकारात्मकता और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

🏆 प्रमुख विजेता इस प्रकार रहे:

  • मिसेज़ गणगौर: शायनी काबरा (उपविजेता: रचना राठौर)
  • मिस गणगौर: शिवांशी (उपविजेता: राज नंदानी)
  • मिसेज़ एवरग्रीन गणगौर: डॉ. ममता शर्मा (रनर-अप: सीमा मेहता)
  • CAIT गणगौर: मीनाक्षी गुप्ता (रनर-अप: दीप्ति चित्तौड़ा)
  • सोलो डांस: दिया सक्सेना (संयुक्त उपविजेता: अंकिता एवं निमिषा जोशी)
  • ग्रुप डांस: श्रीनाथपुरम शिवबाड़ी मंदिर ग्रुप (रनर-अप: आदिशक्ति हाड़ौती)
  • बाइसा (5–10 वर्ष): ध्वनि लड्डा (रनर-अप: वर्मिका खंडेलवाल)
  • बाइसा (11–16 वर्ष): अनन्या सुवालका (द्वितीय: अंशिका विजय)

कार्यक्रम की सफलता में केट वीमेन विंग की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं दर्शक उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!