Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 28 मार्च। बनजारी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आधारभूत शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए चार नवीन अध्ययन कक्षों का विधिवत लोकार्पण किया गया। इन कक्षों का निर्माण कोटा सिटी राउंड टेबल 358 के सहयोग से लगभग 28 लाख रुपये की लागत से सम्पन्न हुआ, जिससे विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राजेश सिंघवी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राउंड टेबल द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखते हैं। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष उत्सव बाबेल, उपाध्यक्ष रोहित जैन, कोषाध्यक्ष रमन भाटिया, प्रोजेक्ट संयोजक आदित्य सेठी तथा एरिया सेक्रेटरी ट्रेजरर किंशुक जैन सहित टेबल सदस्य नमन बंसल और सिद्धार्थ गौतम भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष उत्सव बाबेल ने जानकारी दी कि राउंड टेबल—358 संस्था ने पिछले पांच वर्षों में 20 से अधिक कक्षाकक्षों का निर्माण कर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य शहरी सहित ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में शैक्षणिक संरचना को सुदृढ़ कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
