Written by : प्रमुख संवाद
बारां, शाहबाद 4 अप्रैल ।
शाहबाद ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अंतर्गत कार्यरत समस्त डॉक्टरों एवं चिकित्सा कर्मियों ने सामूहिक रूप से नायब तहसीलदार आशीष गौतम को विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपकर हाल ही में बीसीएमओ के खिलाफ दर्ज कराए गए प्रताड़ना एवं मारपीट के मामले पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
आरोपों का किया खंडन
ज्ञापन में चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि बीसीएमओ के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से मिथ्या एवं निराधार हैं। उन्होंने इस प्रकार की खबरों का सामूहिक रूप से खंडन करते हुए कहा कि इन आरोपों से समस्त चिकित्सा स्टाफ व्यथित है।
सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना
चिकित्सा कर्मियों ने बताया कि बीसीएमओ शेख आरिफ इकबाल मार्च 2020 से शाहबाद ब्लॉक में पदस्थापित हैं। उनके पदस्थापन के बाद से उनका व्यवहार सभी कर्मचारियों के प्रति सहयोगात्मक और सकारात्मक रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी कर्मचारी को उनके द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित नहीं किया गया है।
नशे एवं दुर्व्यवहार के आरोपों से इनकार
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बीसीएमओ को कभी भी कार्यालय समय में नशे की अवस्था में नहीं देखा गया और न ही उनके द्वारा किसी प्रकार का दुर्व्यवहार किया गया है।
षड्यंत्र की आशंका जताई
चिकित्सा कर्मियों ने आरोपों को बीसीएमओ की व्यक्तिगत छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से रचा गया षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी निजी द्वेष के चलते उछाला गया प्रतीत होता है।
निष्पक्ष जांच की मांग
अंत में सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और न्याय सुनिश्चित हो।
