Written by : लेखराज शर्मा
झालावाड़, 16 अप्रैल। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए भवानीमंडी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत बैंक खातों की खरीद-फरोख्त कर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी म्यूल खातों के माध्यम से साइबर ठगी की राशि को विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफर कर संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे। इस मामले में पूर्व में भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत भवानीमंडी थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह को सूचना प्राप्त हुई थी कि यस बैंक की स्थानीय शाखा का एक खाता संदिग्ध रूप से म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग किया जा रहा है। उक्त खाते के माध्यम से बड़े स्तर पर साइबर ठगी की जा रही थी, जिस पर तत्काल जांच प्रारंभ की गई।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
जांच के दौरान यह खाता झालावाड़ के खंडिया निवासी अजय वर्मा के नाम से संचालित पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस 2023 और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए अजय वर्मा सहित इस खाते को खरीदने वाले अकलेरा निवासी अरविन्द मीणा और मुंडेरी निवासी राजकुमार मेघवाल को गिरफ्तार किया।
बरामदगी एवं साक्ष्य संकलन
कार्रवाई के दौरान आरोपी राजकुमार मेघवाल के कब्जे से दो एटीएम कार्ड, पांच पासबुक, एक लैपटॉप एवं 39,000 रुपए नकद बरामद किए गए, जबकि आरोपी अरविन्द मीणा के पास से एक बैंक पासबुक, एक लैपटॉप और 8,500 रुपए नकद जब्त किए गए। कुल 47,500 रुपए की राशि बरामद की गई है। पुलिस द्वारा जब्त दस्तावेजों एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।
अन्य राज्यों से जुड़े होने की आशंका
पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई अन्य संदिग्ध खातों एवं गिरोह से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं और अनेक साइबर ठगी की वारदातों में इनकी संलिप्तता रही है। पुलिस द्वारा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण हेतु सभी थानों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। म्यूल खाताधारकों एवं साइबर अपराध से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
