मांगों पर चुप्पी पड़ी भारी: कोटा कॉलेज में अभाविप का उग्र प्रदर्शन, प्रशासन घिरा

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 17 अप्रैल। राजकीय कला महाविद्यालय में छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने आज उग्र प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। सात दिन पूर्व प्रस्तुत मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित छात्रों ने परिसर में नारेबाजी की और प्राचार्य को पुनः ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व अभाविप की प्रदेश सह मंत्री चेतन पांचाल ने किया। इस दौरान इकाई अध्यक्ष ऋतिक नकवाल ने बताया कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन में हॉस्टल की पुनः प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने, नए भवन में खेल मैदान विकसित करने तथा स्थायी पीटीआई की नियुक्ति जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखी गई थीं, लेकिन प्रशासन द्वारा इन पर कोई गंभीर पहल नहीं की गई।

उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने और एमए के नियमित विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्र अन्य कॉलेज में स्थानांतरित करने के बजाय यहीं निर्धारित करने की मांग भी लंबे समय से लंबित है। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को गर्मी से राहत दिलाने हेतु मार्कशीट वितरण विंडो पर टीन शेड लगाकर छाया की व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सभी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में प्रांत मीडिया संयोजक निखिल सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य जयेश शर्मा, महानगर सह मंत्री शुभम शर्मा सहित विपिन, शिवम, रुद्रेश, समीर, खुशी, प्रिया, नंदनी, पल्लवी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!