Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 28 अप्रैल।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने हेतु ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। प्रातः 9:30 बजे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए एलईडी मोबाइल वैन (ग्रामीण रथ) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।



इस अवसर पर कोटा से लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) कृष्णा शुक्ला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल कुमार मीणा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मज़हर इमाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम विकास रथों के सारथियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण नागरिकों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
ग्रामीण रथों के माध्यम से योजनाओं से संबंधित ऑडियो-वीडियो सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, जिससे आमजन को सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी मिल सकेगी। इस दौरान कला जत्था के सदस्यों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ आकर्षित भी किया।
अभियान के तहत ये रथ आगामी दिनों में जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे।
