भीषण गर्मी के बीच बच्चों की सेहत पर खतरा, अभिभाषक परिषद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 28/04/2026।जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए अभिभाषक परिषद कोटा ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की।

ज्ञापन में परिषद ने उल्लेख किया कि वर्तमान में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और गर्म हवाओं के चलते हालात गंभीर होते जा रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में छोटे बच्चों का प्रतिदिन स्कूल जाना न केवल कठिन बल्कि स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण भी साबित हो रहा है।

परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों में लू लगने, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इससे अभिभावकों में भी चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

अभिभाषक परिषद ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तुरंत प्रभाव से विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए। परिषद ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर राहत प्रदान करेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में परिषद अध्यक्ष भारत सिंह अड़सेला, महासचिव शंभू सोनी, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, पूर्व महासचिव रामबाबू मालव, बनवारी दाधीच, राजकुमार नाम, पदम गौतम, कैलाश बामनिया, उल्लास शर्मा, विजय वर्मा, फूल सिंह भाटी, हर्षित गौतम, प्रतिभा सोनी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!