Written by : लेखराज शर्मा
बारां, 6 मई।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बारां जिले में तैनात कृषि विस्तार के संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी खाद-बीज विक्रेताओं से स्टॉक रजिस्टर सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से धन वसूल रहा था।
शिकायत से खुला भ्रष्टाचार का मामला
एसीबी चौकी बारां को 4 मई को शिकायत प्राप्त हुई थी कि संबंधित अधिकारी व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान कर उनसे स्टॉक रजिस्टर सत्यापन के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी प्रत्येक व्यापारी से 5,000 रुपये की मांग कर रहा था।
गोपनीय सत्यापन में हुई पुष्टि
एसीबी द्वारा 5 मई को शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई तथा उसने परिवादियों से 2,000 रुपये अग्रिम राशि के रूप में प्राप्त कर शेष राशि के लिए दबाव बनाया।
ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों गिरफ्तारी
आज एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। डीएसपी प्रेमचन्द एवं उनकी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी आनन्दीलाल मीणा को एक परिवादी से 5,000 रुपये तथा दूसरे से 3,000 रुपये, कुल 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
