Written by : प्रमुख संवाद
गणेश स्थापना के साथ शुरू हुआ 10 दिवसीय अनुष्ठान, निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा
कोटा, 6 मई।
श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान नर्मदेश्वर स्थापना, शिव-पार्वती विवाह महोत्सव, प्राण प्रतिष्ठा एवं पंचकुंडीय महायज्ञ जैसे भव्य धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ बुधवार को विधिवत गणेश स्थापना के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर 108 श्रीमद् भागवत के मूल पाठ के साथ श्रीमद् भागवत कथा का भी आयोजन प्रारंभ हो गया है, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा है।



समिति के महंत पं. अशोक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह 10 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 15 मई 2026 तक निरंतर चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
7 मई को निकलेगी 3001 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा
महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को दोपहर 2 बजे पीएनटी कॉलोनी से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दिव्य यात्रा में 3001 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। यात्रा पीएनटी कॉलोनी से प्रारंभ होकर कॉमर्स कॉलेज, हरमीत मेडिकल, दिनेश गैस एवं ब्रजवासी मिष्ठान भंडार मार्ग से होते हुए जनता डेयरी के सामने स्थित श्री मंगलमय चमत्कारी धाम मंदिर पर सम्पन्न होगी।
शोभायात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-ताशा दल, धार्मिक ध्वज, आकर्षक झांकियां एवं संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
प्रसिद्ध कथाव्यास कृष्ण चंद्र ठाकुर सुनाएंगे श्रीमद् भागवत कथा
देश के सुप्रसिद्ध कथाव्यास भगवत भास्कर श्री कृष्ण चंद्र ठाकुर महाराज द्वारा कॉमर्स कॉलेज मैदान में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
12 मई को निकलेगी भव्य शिव बारात, 13 मई को होगा दिव्य विवाह
महोत्सव के अंतर्गत 12 मई को शाम 6 बजे भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें भगवान भोलेनाथ नंदी पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। साथ ही भगवान विष्णु गरुड़ पर, माता लक्ष्मी, रिद्धि-सिद्धि सहित गणपति एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां बग्घियों में सजाई जाएंगी। बारात में सप्तऋषि मंडल, अघोरी दल, ढोल-ताशा दल एवं बैंड-बाजे विशेष आकर्षण रहेंगे।
इसके पश्चात 13 मई को गोधूलि बेला में शाम 6:30 बजे भगवान शिव एवं माता पार्वती का दिव्य विवाह समारोह श्रद्धा और विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया जाएगा।
15 मई को होगा विशाल आम भंडारा
समापन दिवस 15 मई 2026 को मंदिर परिसर में विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए “प्रभु इच्छा तक” भोजन की व्यवस्था रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक प्रबंध
आयोजन के दौरान समिति द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल एवं यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।
यह रहेगा कथा का समय
- 8 से 9 मई: दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक
- 10 मई: शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक
- 11 से 14 मई: दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक
इस भव्य आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और भक्ति के संगम का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा। पूरे शहर में इस महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण बना हुआ है।
