Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 6 मई। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में कोटा विश्वविद्यालय ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में संपदा विभाग भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
संपदा अधिकारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः शुभ मुहूर्त में गणेश वंदना एवं विधिवत पूजन,विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। भूमि पूजन ,विश्वविद्यालय के कुलगुरु भगवती प्रसाद सारस्वत के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि विश्वविद्यालय की बढ़ती शैक्षणिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित अधोसंरचना का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम (RSRDC) के अधिकारियों एवं संवेदक को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
कार्यक्रम में आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक राजकुमार राजोरिया एवं विश्वविद्यालय के संपदा अधिकारी संजीव कुमार दुबे ने कुलगुरु का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रो. ओ.पी. ऋषि, प्रो. भवानी सिंह, प्रो. घनश्याम शर्मा, प्रो. जे.पी. शर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रवीण भार्गव सहित कई शिक्षाविद, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
