Written by : प्रमुख संवाद
झालावाड़, 17 मई 2026
आधी रात का खौफनाक हमला, सुनार परिवार पर टूटा आतंक
झालावाड़ जिले के सारोलाकलां कस्बे में शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज डकैती ने पूरे इलाके को दहला दिया। झंडा बाजार स्थित सघन आबादी वाले क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक सर्राफा कारोबारी के घर धावा बोलकर करीब 5 करोड़ रुपए की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने पूरे परिवार को पिस्तौल की नोक पर बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक घर में आतंक मचाया।
पिस्तौल तानकर परिवार को बनाया बंधक
पीड़ित सर्राफा व्यवसायी महेश सोनी के अनुसार देर रात हथियारों से लैस बदमाश मकान में घुस आए। तीन मंजिला मकान में सो रहे परिवार के अलग-अलग सदस्यों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने उन्हें कमरों में बंद कर दिया। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घर के अंदर दहशत का माहौल बन गया।
महिलाओं से मारपीट, गला दबाया और बाल खींचे
डकैतों की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर की महिलाओं के साथ मारपीट की। महेश सोनी की बहन नीतू सोनी ने बताया कि बदमाशों ने पिस्तौल कनपटी पर तान दी और गले से मंगलसूत्र, सोने की चेन व मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर गला दबाया गया और बाल पकड़कर घसीटते हुए कमरे में बंद कर दिया गया।
बीमार बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा
परिवार की मां कृष्णा सोनी ने बताया कि किडनी रोग से पीड़ित बुजुर्ग बद्रीलाल सोनी को भी बदमाशों ने नहीं छोड़ा। परिवार ने रहम की गुहार लगाई, लेकिन बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। बदमाशों ने घर में रखी आलमारी के ताले और किवाड़ तोड़ दिए।
140 किलो चांदी, 1 किलो सोना और लाखों नकदी लेकर फरार
बदमाशों ने दीवार में बनी आलमारी से आठ पीपों में भरे लगभग 140 किलो चांदी के जेवरात, करीब एक किलो सोने के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपए नकद लूट लिए। बताया गया कि इनमें दुकान के गहनों के साथ गिरवी रखे गए आभूषण भी शामिल थे।
शोर मचाया तो अंधेरे में गायब हो गए बदमाश
महेश सोनी की पत्नी ऊषा ने बताया कि नीचे से आवाजें सुनकर जब वे नीचे पहुंचने लगे तो बाहर से गेट बंद मिला। काफी प्रयास के बाद गेट खोलकर नीचे पहुंचे तो कई बदमाश हाथों में पीपे लेकर भागते दिखाई दिए। शोर मचाने तक आरोपी अंधेरे में गायब हो चुके थे।
रेकी कर रची गई थी बड़ी साजिश
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश वारदात से पहले सामने स्थित एक सूने मकान में छिपे हुए थे। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पूरी वारदात पहले से की गई रेकी और सुनियोजित योजना का हिस्सा थी।
पुलिस की स्पेशल टीमें सक्रिय, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से बातचीत की। मामले के खुलासे के लिए जिले की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। मोबाइल लोकेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
