NH-48 पर CBN की बड़ी कार्रवाई : ट्रक से 1868 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त, दो गिरफ्तार

Written by : प्रमुख संवाद
दिनांक : 17 मई 2026, कोटा

खुफिया सूचना के आधार पर की गई बड़ी कार्रवाई

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) जयपुर सेल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई जयपुर के मनोहरपुर–शाहपुरा टोल प्लाजा के निकट की गई, जहां एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

राजस्थान की ओर जा रहा था अवैध माल

CBN अधिकारियों को विशेष एवं विश्वसनीय खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी कि छत्तीसगढ़ पंजीयन संख्या वाला एक आइशर ट्रक राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विशेष टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई और रणनीतिक तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।

ट्रक की तलाशी में मिले 74 बैग

राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी के दौरान संदिग्ध ट्रक की पहचान कर उसे रोका गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर अधिकारियों को 74 पॉली बैग बरामद हुए, जिनमें कुल 1868.330 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इसे गैर-कानूनी तरीके से तस्करी कर ले जाया जा रहा था।

ट्रक जब्त, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान बरामद मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को NDPS एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया। साथ ही ट्रक चालक और वाहन मालिक सहित दो व्यक्तियों को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच जारी

CBN के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। एजेंसी अब इस पूरे गिरोह के आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क तथा अन्य संदिग्ध कड़ियों की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ेगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!