Written by : Sanjay kumar
कोटा: 17 मई 2026
कोटा मंडल में सुबह हुआ बड़ा घटनाक्रम
कोटा रेल मंडल के अंतर्गत रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और कोटा जंक्शन सहित संबंधित नियंत्रण केंद्रों पर तत्काल अलर्ट जारी किया गया।

बी-1 और एसएलआर कोच से उठीं आग की लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के बी-1 कोच तथा उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन (एसएलआर) में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। गार्ड ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद तत्काल ट्रेन को रोका गया और आपातकालीन कार्रवाई शुरू की गई।

महज 15 मिनट में यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
घटना के समय प्रभावित बी-1 कोच में कुल 68 यात्री सवार थे। आग लगते ही आरपीएफ जवानों, रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ ने तुरंत यात्रियों की डि-बोर्डिंग शुरू कर दी। लगभग 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग पूरे कोच में फैल गई थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने अथवा जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली।
ओएचई आपूर्ति बंद कर कोच को ट्रेन से अलग किया गया
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) बिजली आपूर्ति बंद कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन के रैक से अलग किया गया, ताकि आग अन्य कोचों तक न फैल सके। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
दमकल, प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एम्बुलेंस, रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम तथा नागरिक प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि दमकल विभाग की तीन इकाइयों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया। पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की गई तथा यात्रियों को दूसरी ट्रेन के माध्यम से आगे भेजने की तैयारी की गई।
दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर आवाजाही हुई प्रभावित
घटना के बाद एहतियातन दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार दोनों दिशाओं में लगभग 5 से 6 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड पर रोका गया, जबकि कई अन्य ट्रेनों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया।
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
• 19020 हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस — शामगढ़ में रोकी गई।
• 12416 नई दिल्ली–इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस — सुवासरा में रोकी गई।
• 05017 स्पेशल ट्रेन — नाथूखेड़ी स्टेशन पर रोकी गई।
• 12472 स्वराज एक्सप्रेस — शामगढ़ में रोकी गई।
• 22210 हजरत निजामुद्दीन–मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस — चौमहला में रोकी गई।
• 01492 हजरत निजामुद्दीन–पुणे स्पेशल ट्रेन — मोड़क स्टेशन पर रोकी गई।
3149 किलोमीटर का सफर तय करती है राजधानी एक्सप्रेस
तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस राजस्थान सहित केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन है। यह ट्रेन लगभग 3149 किलोमीटर की दूरी करीब 41 घंटे में तय करती है और हजारों यात्रियों के लिए प्रमुख रेल संपर्क का माध्यम मानी जाती है।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं—
• घटनास्थल: 09256099269
• लूणी रिच्छा स्टेशन: 09251689241
• कोटा पूछताछ: 6375898943
• कोटा कंट्रोल: 9256099457
• रेल मदद हेल्पलाइन: 139
जांच जारी, कारणों की तलाश में जुटा रेलवे प्रशासन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। तकनीकी टीम और रेलवे सुरक्षा विभाग हर पहलू की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी सूचना के लिए आधिकारिक हेल्पलाइन और रेलवे के अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें।
