Written by : प्रमुख संवाद
जयपुर, 19 मई। जयपुर स्थित आरएएस क्लब में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ की वार्षिक बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ विकास महेला के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं राजस्थान के सभी जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की कार्यशैली, विस्तार और जनसेवा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा को प्रदेश स्तर पर शीर्ष-5 जिलाध्यक्षों में सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से आमजन के हित में किए गए कार्यों और संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका को देखते हुए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली प्रदेश संगठन महासचिव ललित तुनवाल अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोबदार पार्टी सचेतक रफीक खान तथा विधायक एवं पार्टी कोषाध्यक्ष रोहित बोहरा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस का चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक आमजन की सेवा में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है तथा आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और गति देने का संकल्प भी लिया गया।
