संस्कार शिविर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: बच्चों ने किया माता-पिता का विधि-विधान से पूजन

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 7 जून।
आधुनिकता के इस दौर में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से कोटा में एक अनूठी और भावुक कर देने वाली पहल देखने को मिली। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप की चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग की अगुवाई में आयोजित ‘संस्कार शिविर’ में रविवार को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ का आयोजन किया गया। गीताभवन सत्संग आश्रम समिति के आचार्य आदित्य कुमार शास्त्री के सानिध्य और मार्गदर्शन में बच्चों ने अपने माता-पिता और बुजुर्गों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उनकी आरती उतारी।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और भावुकता से भर गया। बच्चों ने जब अपने माता-पिता के चरणों में शीश नवाया, तो हर आँख नम हो गई। शिविर में शामिल प्रियांशी कसेरा ने अपने माता-पिता की आराधना करते हुए कहा कि आप ही इस संसार में मेरे परमेश्वर हो, मैं भविष्य में जो कुछ भी बनूँगी, वह सब आपके ही आशीर्वाद से संभव होगा। वहीं, सौरव गुप्ता अपने माता-पिता का पूजन करते समय इतने भाव-विभोर हो गए कि वे रुआँसे हो गए। लक्ष्य शाक्यवाल ने श्रद्धा भाव से अपने दादाजी के चरण छुए और उनसे लिपट गया। आराध्य और धनिष्का शाक्यवाल ने अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोते हुए कहा कि मेरा संसार और मेरा जहाँ तुम्हीं से है। जब-जब मैं रोई, तुम तड़प उठे, दुनिया का सारा प्यार तुम्हीं से है।

कार्यक्रम संयोजक संजय गोयल ने बताया कि बच्चों के इस समर्पण और पूजन को देखकर माता-पिता और दादा-दादी भाव-विह्वल हो गए और उनकी आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। माता-पिता ने बच्चों को गले लगाकर सदैव सुखी रहने, स्वस्थ रहने, ऊर्जावान बने रहने के साथ-साथ चिरंजीवी होने का मंगल आशीर्वाद दिया।
कल आयोजित होंगी

कार्यक्रम संयोजक परमानंद गर्ग, रेणु गोयल, सपना गोयल और रामेश्वर विजय ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि संस्कार शिविर के अगले चरण में सोमवार को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें आचार्य गर्ग द्वारा बच्चों को ‘दण्ड प्रशिक्षण’ दिया जाएगा। वहीं गुरु मां सुमन अग्रवाल द्वारा ‘मेहंदी प्रशिक्षण’ और ज्योतिषाचार्य आदित्य कुमार शास्त्री द्वारा ‘ज्योतिष’ की निःशुल्क कक्षाएं ली जाएंगी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!