Written by : Sanjay kumar
कोटा, 11 जून 2026
कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मण्डाना और थाना कनवास क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है। कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त दो मॉडिफाइड मिनी ट्रक जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है।

क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 539 पेटियां पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इनमें रॉयल स्टेज और रॉयल चैलेंज ब्रांड की 16,956 क्वार्टर एवं 2,064 बोतलें शामिल हैं। तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक क्रमशः जीजे 03 बीडब्ल्यू 7246 और जीजे 03 बीजेड 3034 को भी जब्त किया गया।

गुप्त बॉक्स बनाकर की जा रही थी तस्करी
जांच में सामने आया कि तस्करों ने दोनों मिनी ट्रकों को विशेष रूप से मॉडिफाई कर रखा था। ट्रकों के केबिन के पीछे गुप्त बॉक्स तैयार किए गए थे, जिन्हें बाहर से देखने पर पहचानना मुश्किल था। इन्हीं गुप्त खानों में शराब छिपाकर राजस्थान से गुजरात और अन्य राज्यों तक पहुंचाई जा रही थी।

पहली कार्रवाई : कनवास पुलिस की सफलता
कनवास थाना क्षेत्र में एएसआई सुरेश शर्मा के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर के मिनी ट्रक जीजे 03 बीजेड 3034 को रोका गया। चालक के जवाबों में विरोधाभास मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के भीतर बने गुप्त बॉक्स से 245 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस मामले में गणेश पुत्र राजाराम जाट निवासी बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया तथा वाहन जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई : मण्डाना पुलिस का वार
मण्डाना थाना क्षेत्र में थानाधिकारी वासुदेव चारण के नेतृत्व में की गई नाकाबंदी के दौरान मिनी ट्रक जीजे 03 बीडब्ल्यू 7246 को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर वाहन में बनाए गए गुप्त बॉक्स से 294 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी बीराराम पुत्र चैनाराम जाट निवासी जालोर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ऐसे चलता था तस्करी का खेल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य सरगना वाहन चालकों को केवल जीपीएस लोकेशन भेजते थे। चालक शराब से भरे वाहन को निर्धारित स्थान तक पहुंचाते थे और वहां वाहन खड़ा कर लौट जाते थे। बाद में गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचकर वाहन और शराब को अपने कब्जे में ले लेते थे। वाहन चालकों को यह तक जानकारी नहीं रहती थी कि शराब कहां से भरी गई और अंतिम रूप से कहां पहुंचाई जानी है।


गिरफ्तार आरोपी
कार्रवाई के दौरान गणेश पुत्र राजाराम जाट, निवासी सायों का तला, बाड़मेर तथा बीराराम पुत्र चैनाराम जाट, निवासी डेला डूंगरी, जालोर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण रामकल्याण मीणा, वृत्ताधिकारी नरेन्द्र जैन तथा वृत्ताधिकारी राजेश डांका के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को मण्डाना एवं कनवास क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इन टीमों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में जिला स्पेशल एवं साइबर टीम, थाना मण्डाना पुलिस तथा थाना कनवास पुलिस की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सदस्यों की सतर्कता और लगातार निगरानी के चलते दोनों वाहनों को पकड़ने तथा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस अब जब्त मोबाइल, वाहन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंजाब से लाई गई यह शराब किन राज्यों में सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
