Written by : Sanjay kumar
लखनऊ, 21 जून 2026
दर्दनाक हादसे में 15 बच्चों की मौत
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। हादसे में 15 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 बच्चे गंभीर जले है इनमें से 5 बच्चों की हालत नाजुक है, सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा हैं साथ ही मृतकों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि की।
इमारत में संचालित थे पेट शॉप और गेमिंग ज़ोन
अधिकारियों के अनुसार इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग ज़ोन चल रहा था। आग लगने के बाद भवन में अफरा-तफरी मच गई और कई बच्चे अंदर फंस गए।
घायलों का उपचार जारी
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉ. अमिय अग्रवाल ने बताया कि कुल 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि पांच बच्चों का उपचार किया जा रहा है। दो बच्चों को जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदना पड़ा, जिससे उनकी कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
सरकार ने दिए जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने का एलान किया गया है।
सीएम योगी ने रद्द किए कार्यक्रम
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अन्य कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि आग लगने के लगभग 30 से 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई थी और भवन के अंदर फंसे लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। स्थानीय लोगों ने भी बचाव प्रयासों में सहयोग किया।
राजनीतिक दलों ने जताया शोक
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है तथा घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की गहन जांच कराई जाएगी और यदि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
