Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 5 जुलाई। विद्या भारती शिक्षा संस्थान जिला कोटा द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ महावीर नगर तृतीय स्थित स्वामी विवेकानन्द विद्या निकेतन के श्रीरामशान्ताय सभागार में उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को केंद्र में रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों, प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विरेन्द्र साहू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ऐलन करियर इंस्टीट्यूट के निदेशक राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर अति विशिष्ट अतिथि तथा कोटा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्बोधन विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के प्रांत सचिव मानेंग पटेल ने दिया।
शिक्षा के साथ संस्कार और दीक्षा ही वास्तविक शिक्षा
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्त, संस्कारवान और चरित्रवान नागरिकों के निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सफलता कभी संयोग से नहीं मिलती, बल्कि निरंतर परिश्रम, त्याग, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम होती है। विद्यार्थियों को प्राप्त सम्मान उनके माता-पिता के त्याग, विश्वास और वर्षों की मेहनत का प्रतिफल है।
राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का दिया संदेश
उन्होंने कहा कि आज डिग्री देने वाले संस्थानों की कमी नहीं है, लेकिन जो शिक्षा के साथ दीक्षा और ज्ञान के साथ संस्कार प्रदान करे, वही वास्तविक शिक्षा है। यदि किसी शिक्षित व्यक्ति में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक संवेदना और सेवा का भाव नहीं है, तो उसकी शिक्षा अधूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि समाज, राजस्थान और राष्ट्र के विकास में भी सक्रिय योगदान दें।
युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुले
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर प्रदान कर रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ‘स्वर्णिम राजस्थान’ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य ने उत्पादन क्षमता बढ़ाकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ युवाओं का नवाचार, परिश्रम और राष्ट्र सर्वोपरि का भाव ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान विद्या भारती से संबद्ध उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यालयों, प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सतीश गौतम ने किया, जबकि अंत में महावीर गौतम ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
