11 राज्यों के टूर ऑपरेटर्स हाड़ौती पर हुए फिदा, बोले—देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर दिलाएंगे नई पहचान

Written by : प्रमुख संवाद

राजस्थान के प्रमुख पर्यटन सर्किटों में हाड़ौती को शामिल कराने के होंगे प्रयास, फेम टूर को बताया पर्यटन विकास की बड़ी पहल

कोटा, 7 अगस्त 2026। हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 11 राज्यों से आए 50 से अधिक प्रमुख टूर ऑपरेटर्स ने कोटा और बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। तीन दिवसीय फेम टूर के समापन पर सभी टूर ऑपरेटर्स ने एक स्वर में कहा कि हाड़ौती में प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का अनूठा संगम है, जो इसे देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की श्रेणी में खड़ा करता है।

हाड़ौती को बताया पर्यटन की नई संभावनाओं का केंद्र

टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि एक ही क्षेत्र में चंबल नदी, तीन प्रमुख अभयारण्य, ऐतिहासिक किले और महल, पुरातात्विक धरोहर, हरित पर्यटन स्थल तथा आधुनिक आकर्षण मौजूद हैं। उनका मानना है कि यदि प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तो हाड़ौती आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पर्यटकों की पहली पसंद बन सकती है।

देश-विदेश में करेंगे व्यापक प्रचार-प्रसार

विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स ने भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने नेटवर्क के माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का देश-विदेश में व्यापक प्रचार करेंगे। साथ ही राजस्थान के प्रमुख पर्यटन सर्किटों और यात्रा आइटनरी में हाड़ौती को शामिल कराने के प्रयास भी किए जाएंगे, ताकि यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

मेवाड़-हाड़ौती संयुक्त पर्यटन पैकेज को मिली सराहना

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि मेवाड़ और हाड़ौती को जोड़कर तैयार किए गए संयुक्त पर्यटन पैकेज को टूर ऑपरेटर्स ने काफी पसंद किया है। इससे दोनों क्षेत्रों को एक साथ पर्यटन योजनाओं में शामिल करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

फेम टूर बनेगा मील का पत्थर : हुसैन खान

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कोटा डिवीजन द्वारा पिछले दो वर्षों से हाड़ौती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि फेम टूर के माध्यम से शुरू की गई यह पहल आने वाले समय में हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

राजस्थान के प्रमुख पर्यटन सर्किटों से जोड़ने की तैयारी

हुसैन खान ने कहा कि पर्यटन उद्योग में टूर ऑपरेटर्स की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनके सकारात्मक फीडबैक से उत्साह बढ़ा है। अब अजमेर, जयपुर, पुष्कर सहित राजस्थान के प्रमुख पर्यटन सर्किटों के साथ हाड़ौती को जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नए पर्यटन डेस्टिनेशन को विकसित किए बिना पर्यटन उद्योग का विस्तार संभव नहीं है और हाड़ौती इस दिशा में तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है।

कोटा के पर्यटन स्थलों ने जीता दिल

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेम टूर के दौरान टूर ऑपरेटर्स को चंबल सफारी, गढ़ पैलेस, आभेडा महल, सिटी पार्क, सेवन वंडर्स और किशोर सागर सहित कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। सभी प्रतिनिधियों ने इन स्थलों की खुलकर सराहना की। विशेष रूप से चंबल सफारी को उन्होंने भारत के सबसे अनूठे पर्यटन अनुभवों में से एक बताया।

होटल और रिसॉर्ट्स भी आए पसंद

टूर ऑपरेटर्स ने कोटा के होटल एवं रिसॉर्ट्स का भी अवलोकन किया और यहां उपलब्ध सुविधाओं, आतिथ्य, खान-पान तथा प्रतिस्पर्धी दरों की सराहना की। उनका कहना था कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी कोटा भविष्य में एक आकर्षक और किफायती विकल्प बन सकता है।

मुकुंदरा, चंबल और रामगढ़ बनेंगे पर्यटन की नई पहचान

अशोक माहेश्वरी ने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, चंबल रिवर फ्रंट तथा रामगढ़ विषधारी अभयारण्य हाड़ौती के पर्यटन विकास की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं। इन स्थलों के बेहतर प्रचार से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

शनिवार को होगी बी2बी मीटिंग और जंगल सफारी

फेम टूर के अगले चरण में शनिवार सुबह सभी टूर ऑपरेटर्स की बी2बी मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद उन्हें मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी कराई जाएगी। इस दौरान हाड़ौती के पर्यटन पैकेज, संभावित व्यावसायिक सहयोग और अधिक से अधिक पर्यटकों को क्षेत्र से जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा होगी।

पत्रकार वार्ता में रहे मौजूद

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सहसचिव कृष्ण अवतार खंडेलवाल, सुभाष शर्मा, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी सहित जयपुर एवं विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!