डबल मर्डर का राज खुला: शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद, डंडे से दो सिर कुचले!

Written by : प्रमुख संवाद

बूंदी, 8 अगस्त। नमाना थाना क्षेत्र के गरड़दा डैम पर हुए डबल मर्डर मामले का पुलिस ने करीब 100 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से दो लोगों के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए थे। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए पहले मोटरसाइकिल से फरार होने की कोशिश की, फिर बाइक छिपाकर मोबाइल बंद कर दिया और रातभर पैदल चलता रहा। आखिरकार लाखेरी रोड पर पुलिस ने उसे ट्रक से दूसरी जगह भागने की कोशिश से पहले दबोच लिया।

चौकीदार की मौत, घायल ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को साकरदा निवासी बीरमदेव पुत्र मोहनलाल मेघवाल ने नमाना थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि मोहनलाल मेघवाल उर्फ काका पिछले करीब दो महीने से गरड़दा डैम पर मछली ठेकेदार के यहां चौकीदारी का काम कर रहा था। मोबाइल फोन बंद आने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो मोहनलाल मेघवाल मृत अवस्था में मिला, जबकि मोहनलाल भील गंभीर रूप से घायल पड़ा था। घायल मोहनलाल भील को उपचार के लिए कोटा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गरड़दा डैम क्षेत्र के एक निर्जन स्थान पर मोहनलाल भील, मोहनलाल मेघवाल और कालू सैनी उर्फ राजेंद्र एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। रात करीब 7 से 8 बजे के बीच खाना बनाने और शराब पीने के दौरान मोहनलाल भील और कालू सैनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

पहले एक पर किया हमला, फिर दूसरे को भी बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी राजेंद्र सैनी उर्फ कालू पुत्र लक्ष्मण माली निवासी उपरला पाड़ा खेरुणा, थाना सदर ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से मोहनलाल भील के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर चारपाई पर गिर गया।

इसी दौरान कुछ दूरी पर बैठे मोहनलाल मेघवाल ने झगड़ा बढ़ता देखकर मोबाइल निकालकर घटना की सूचना देने के लिए फोन करने का प्रयास किया। आरोपी की नजर उस पर पड़ गई और उसने दौड़कर मोहनलाल मेघवाल के सिर पर भी डंडे से गंभीर वार कर दिए। दोनों के लहूलुहान होकर अचेत होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मृतक की जेब से निकाले 200 रुपए, मोबाइल भी ले गया

वारदात के बाद आरोपी ने मौके पर ठेकेदार द्वारा उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिल उठाई और करीब रात 10 बजे वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, भागते समय आरोपी ने मृतक मोहनलाल मेघवाल की जेब से करीब 200 रुपए निकाल लिए और उसका कीपैड मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया।

कैमरों से बचने के लिए बाइक छिपाई, मोबाइल किया बंद

फरार होने के बाद आरोपी ने रास्ते में सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए डाबी की ओर जाने का रास्ता चुना। आगे जाकर उसने मोटरसाइकिल एक स्थान पर छिपा दी और अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद वह पैदल ही आगे बढ़ गया।

पूरी रात पैदल चलता रहा आरोपी

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पूरी रात पैदल चलता रहा। वह चित्तौड़ रोड स्थित आर्मी कैंप क्षेत्र से होते हुए बल्लोप पुलिया पहुंचा और वहां से बूंदी की ओर गया। अगले दिन उसने पहचान छिपाते हुए काम की तलाश में लाखेरी का रुख किया।

ट्रक से भागने की तैयारी में था, पुलिस ने दबोचा

आरोपी के लगातार स्थान बदलने और पुलिस की नजर से बचने के प्रयासों के बावजूद पुलिस टीमों ने उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। संदिग्ध आरोपी के लाखेरी रोड क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक में बैठकर किसी अन्य स्थान पर भागने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे मौके पर डिटेन कर लिया।

पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी कालू सैनी उर्फ राजेंद्र ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस उसे थाना नमाना लेकर आई है। मामले में आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

एसपी ने टीम की कार्रवाई की सराहना की

पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा के निर्देशन में नमाना थाना पुलिस एवं गठित पुलिस टीमों ने आरोपी के लगातार ठिकाने बदलने और फरार होने के प्रयासों के बावजूद करीब 100 घंटे में उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!