2.29 लाख रुपए मांगना पड़ा भारी: उधार लौटाने के बजाय सुपारी देकर कराई हत्या, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 9 अगस्त। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने उधार के 2.29 लाख रुपए मांगने के विवाद में हत्या की साजिश रचने के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रुपए वापस मांगने पर फरियादी को पहले जान से मारने की धमकियां दी गईं और बाद में उसकी हत्या के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी तक दे दी गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पेन ड्राइव बरामद की है।

शादी और बच्चों के इलाज के नाम पर लिए थे 2.29 लाख

भीमगंजमंडी थाना सीआई रामविलास मीणा ने बताया कि फरियादी मनोज सक्सेना (38) ने 7 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसका पुराना परिचित आशीष सिंह उर्फ आशु करीब सवा साल पहले शादी और बच्चों के इलाज के लिए रुपए की जरूरत बताकर उससे 2.29 लाख रुपए उधार ले गया था। काफी समय बीतने के बाद जब मनोज ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी की ओर से कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।

तकाजा किया तो धमकियों का दौर शुरू

फरियादी के अनुसार, रुपए वापस मांगने पर आशीष सिंह उर्फ आशु और उसकी पत्नी शैवाली सिंह उसे धमकाने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर मनोज की हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि शैवाली सिंह ने हिस्ट्रीशीटर आशीष उर्फ चव्वनी को मनोज की हत्या के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी।

बातचीत की ऑडियो क्लिप बनी पुलिस के लिए अहम सुराग

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब फरियादी के पास आरोपियों के बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप पहुंची। मनोज ने यह ऑडियो पुलिस को उपलब्ध कराया। पुलिस ने ऑडियो क्लिप और अन्य तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों ने पुलिस की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

24 घंटे में पुलिस ने साजिश का किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की। अनुसंधान में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पति-पत्नी समेत हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में आशीष सिंह उर्फ आशु (35), उसकी पत्नी शैवाली सिंह (31) और आशीष उर्फ चव्वनी (35) को गिरफ्तार किया है। आशीष सिंह डडवाड़ा स्थित लालबाई माता मंदिर के पास का निवासी है, जबकि आशीष उर्फ चव्वनी न्यू रेलवे वर्कशॉप कॉलोनी में रहता है। पुलिस के अनुसार चव्वनी थाना रेलवे कॉलोनी और भीमगंजमंडी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं।

सुपारी के पीछे और कौन? पुलिस खंगाल रही कड़ियां

पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, ऑडियो क्लिप, पेन ड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क किया था या नहीं। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच में जुटी है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!