गंदे पानी में बैठकर कांग्रेस का सद्बुद्धि यज्ञ, शिक्षा मंत्री से 10 साल पुरानी समस्या के समाधान की मांग

Written by : प्रमुख संवाद

बालाजी नगर में नाली का पानी भरने से परेशान लोगों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

कोटा, 12 अगस्त। रंगबाड़ी क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित रामदूत हनुमान मंदिर परिसर में लंबे समय से बनी नाली के गंदे पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गंदे पानी के बीच बैठकर सद्बुद्धि यज्ञ किया और शिक्षा मंत्री से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की।

10 साल से बनी हुई है समस्या

गणेश नगर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष चेतन सोलंकी ने बताया कि रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के बालाजी नगर में पिछले करीब 10 वर्षों से नाली के गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। उनका आरोप है कि नालियों की समुचित सफाई और निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी गंदा पानी ओवरफ्लो होकर रामदूत हनुमान मंदिर से जुड़े पार्क परिसर में जमा हो जाता है।

मंदिर परिसर और पार्क में भर जाता है गंदा पानी

सोलंकी ने कहा कि नालियों का पानी पार्क में जमा होने से पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय निवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी की स्थिति बनी रहने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

मंत्री के सामने कई बार रखी समस्या

कांग्रेस नेता ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा शिक्षा मंत्री के इलाके में आने के दौरान कई बार उनके सामने इस समस्या को रखा गया है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से समस्या झेल रहे लोगों को अब भी स्थायी समाधान का इंतजार है।

गंदे पानी में बैठकर किया सद्बुद्धि यज्ञ

समस्या के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंदे पानी के बीच बैठकर सद्बुद्धि यज्ञ किया। कार्यकर्ताओं ने भगवान से प्रार्थना करते हुए शिक्षा मंत्री को सद्बुद्धि देने और बालाजी नगर की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करवाने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की बदहाल जल निकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई।

विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल

चेतन सोलंकी ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री का कार्यकाल बीतने के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वर्षों पुरानी नाली और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका तो आगामी नगर निगम चुनाव में शिक्षा मंत्री जनता के बीच किस आधार पर वोट मांगने जाएंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

सद्बुद्धि यज्ञ में पूर्व उपमहापौर पवन मीणा, राजेंद्र नागर, शिवप्रकाश नागर, दीपक सेन, सौरभ शर्मा, धीरज नागर, प्रताप सिंह हाड़ा, निक्की चौधरी, तरुण गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!