कोटा में 29 से 31 अगस्त तक सजेगी दुर्लभ सिक्कों, नोटों और स्टाम्प्स की तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी, पोस्टर का हुआ विमोचन

Written by : प्रमुख संवाद

​कोटा, 22 अगस्त।स्टेम्प्स, कॉईन्स, नोट्स सोसाइटी (एसएनसी) कोटा द्वारा आगामी 29, 30 और 31 अगस्त को तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की दुर्लभ सिक्कों, नोटों और डाक टिकटों (स्टाम्प्स) की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी शहर के सेवन वंडर पार्क के सामने स्थित होटल 7डबल्यू में आयोजित होगी। जहाँ आमजन प्रातः 11 बजे से सायंकाल 6 बजे तक निशुल्क अवलोकन कर सकेंगे। इस आयोजन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन द्वारा किया गया।

​सोसायटी के फाउंडर सौरभ लोढ़ा एवं को-फाउंडर शुभम लोढ़ा ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, असम और तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न राज्यों से जाने-माने संग्रहकर्ता, विशेषज्ञ और प्रशंसक कोटा पहुँच रहे हैं। प्रदर्शनी स्थल पर देशभर के डीलरों और संग्रहकर्ताओं द्वारा विशेष स्टॉल्स लगाई जाएँगी। जहाँ दुर्लभ संग्रहों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सोसायटी के संरक्षक आनंद राठी और नरेन्द्र कटियाल, प्रमुख संग्रहकर्ता निखिलेश सेठी, सुधीर तुलस्यान, सोसायटी के संरक्षक उद्धबदास मरचुनिया तथा अभिनंदन सेठी के व्यक्तिगत एवं अति-दुर्लभ कलेक्शंस भी आमजन के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

​जनसंघ, कांग्रेस स्वराज पार्टी के चंदा कूपन का भी होगा प्रदर्शन
​आयोजन के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए सौरभ लोढ़ा ने बताया कि प्रदर्शनी में भारतीय इतिहास की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान स्वराज पार्टी, भारतीय जनसंघ और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के चंदा कूपन का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल के सिक्कों से लेकर मुगल सल्तनत, ब्रिटिश हुकूमत और स्वतंत्र भारत द्वारा जारी विभिन्न ऐतिहासिक व दुर्लभ सिक्कों का अनूठा संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा। सिक्कों के अतिरिक्त विभिन्न कालखंडों के दुर्लभ पोस्टकार्ड, ऐतिहासिक डाक टिकट, विंटेज अखबार तथा पुरानी कंपनियों द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली विंटेज प्रचार सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!