Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 12 सितंबर 2026
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने वार्ड 56 से कांग्रेस प्रत्याशी तारा पटियाल के पुत्र तथा वार्ड 98 के कांग्रेस कार्यकर्ता पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही राखी गौतम तुरंत थाने पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान इस प्रकार की हिंसा और कांग्रेस प्रत्याशी के परिवार को निशाना बनाना बेहद गंभीर और सहन न करने योग्य अपराध है।
इसके पश्चात, राखी गौतम ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं पर होने वाले किसी भी प्रकार के अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस दौरान पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, विजय गोयल, विनोद पारेता, पार्षद प्रत्याशी तारा पटियाल, मनीष शर्मा, कुणाल शर्मा और अमन गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
