झारखंड विधानसभा चुनाव: एग्जिट पोल से अलग बीजेपी और जेएमएम की जीत के दावे, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे

प्रमुख संवाद, 21 नवम्बर।
झारखंड में विधानसभा चुनाव का मतदान 20 नवंबर को संपन्न हो गया है, और 23 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच, सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने दावा किया है कि पार्टी झारखंड में इतिहास रचते हुए 50-55 सीटों का आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने कहा, “यह झारखंड की सबसे मजबूत सरकार होगी। लोग जेएमएम सरकार से तंग आ चुके हैं, जिस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। सीएम तक को जेल जाना पड़ा। यह जनादेश भाजपा के पक्ष में होगा।”

वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने एग्जिट पोल को लेकर कहा, “एग्जिट पोल अपनी जगह हैं, लेकिन जमीनी हालात अलग हैं। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से जनता परेशान है। बदलाव सुनिश्चित है।”

भाजपा के चंदनकियारी से उम्मीदवार और विपक्ष नेता अमर कुमार बाउरी ने कहा, “पिछले दो सालों से लोग बदलाव के मूड में थे। भाजपा और एनडीए की सरकार बनना तय है।”

जामताड़ा से भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने झारखंड की जनता और विशेषकर महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पिछले पांच सालों में युवाओं और महिलाओं को धोखा दिया गया। अब झारखंड की महिलाएं बदलाव के लिए तैयार हैं। रोटी, बेटी, और माटी के लिए जनता ने भाजपा को चुना है।”

दूसरी ओर, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेता मनोज पांडे ने कहा, “एग्जिट पोल केवल अनुमान हैं। असली नतीजे चौंकाने वाले होंगे। हम 55 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।”

अब 23 नवंबर को मतगणना के बाद ही यह तय होगा कि झारखंड में सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!