रोटरी क्लब कोटा की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार, वर्षभर चलाएगा रक्त जागृति व प्लास्टिक मुक्त कोटा अभियान

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 1 जुलाई।
रोटरी क्लब कोटा की सत्र 2025-26 की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने मंगलवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर क्लब द्वारा आगामी वर्षभर के सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। क्लब ने रक्त जागृति एवं प्लास्टिक मुक्त कोटा जैसे महत्वपूर्ण अभियानों को वर्षभर चलाने का संकल्प लिया है, जिसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि रोटरी क्लब कोटा का 66 वर्षों का समृद्ध सेवा इतिहास रहा है। क्लब सामाजिक सरोकारों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पूर्व से संचालित प्रमुख सेवा प्रकल्प — जे.के. लोन हॉस्पिटल में नीकू-पीकू वार्ड की देखभाल, न्यू मेडिकल कॉलेज में फिजियोथेरेपी सेंटर, देवनारायण योजना के तहत संचालित देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल — पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित रहेंगे।

सचिव नीरज अग्रवाल ने जानकारी दी कि गोबरिया बावड़ी स्थित मानव सेवा अस्पताल में रोटरी क्लब द्वारा स्थापित 6 डायलिसिस मशीनें शीघ्र ही सेवाएं प्रारंभ करेंगी, जहां जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही, ‘प्लास्टिक मुक्त कोटा’ अभियान के तहत नागरिकों को कपड़े के थैले के उपयोग हेतु जागरूक किया जाएगा। वर्षभर ‘रक्त जागृति अभियान’ के अंतर्गत नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा आमजन को रक्तदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण से पूर्व विधिवत पूजन एवं आगामी कार्यक्रमों के पोस्टर विमोचन की रस्म अदा की गई। इस मौके पर कोषाध्यक्ष उमेश गोयल, उपाध्यक्ष अनुपम शर्मा, दीपक मेहता, निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश व्यास, रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (2025-26) प्रज्ञा मेहता, रोटरी कम्युनिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी, प्रेसिडेंट इलेक्ट लक्ष्मण सिंह खींची, दीपक भार्गव एवं संजय गोयल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

‘इच वन टीच वन’ से बढ़ेगी शिक्षा की पहुंच
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि क्लब द्वारा संचालित देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इस वर्ष ‘Each One Teach One’ अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से केवल ₹7,000 में एक बच्चे की वर्षभर की शिक्षा को प्रायोजित करने का निवेदन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण को लेकर वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। क्लब का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें पूर्ण रूप से स्वपोषी बनने तक संरक्षण देना रहेगा।

रोटरी क्लब कोटा की नई कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया है कि सेवा, समर्पण और सहयोग के साथ वर्ष 2025-26 में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव की दिशा में सशक्त कदम उठाए जाएंगे।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!