डॉक्टर्स डे पर जयपुर में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ का भव्य आयोजन, वरिष्ठ चिकित्सकों का हुआ सम्मान

Written by : Sanjay kumar

IMG_20260315_000850-1.jpg


जयपुर, 1 जुलाई।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा जयपुर स्थित हरिश्चंद्र तोतूका भवन में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सकों सहित कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने की। उनके साथ मंच पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मीडिया की भी सशक्त भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के सम्मान से हुई। डॉ. शिखा मील, डॉ. पुनिया, डॉ. सुरेश कुल्ला एवं डॉ. जितेंद्र सिंह को समाज के प्रति उनकी सेवा भावना एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने चिकित्सकों को समाज की रीढ़ बताते हुए उनकी भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इसके उपरांत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास महला के नेतृत्व में गठित नई प्रदेश कार्यकारिणी और सभी जिला अध्यक्षों को शपथ दिलाई। उन्होंने संगठन को और अधिक जनसेवी, सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कोटा जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को जिले स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल चिकित्सकों का सम्मान करना था, बल्कि समाज में चिकित्सा क्षेत्र की भूमिका को उजागर करते हुए संगठनात्मक मजबूती की दिशा में सार्थक पहल करना भी रहा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!